दुनिया ने मेरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं देखा, ‘उसैन बोल्ट को लेकर कोच ग्लेन मिल्स का दावा, खुद धावक ने दिया दिलचस्प जवाब
दुनिया के महानतम धावकों में शुमार उसैन बोल्ट ने हाल ही में NDTV Profit के साथ हुई एक खास चर्चा में कई दिलचस्प सवालों के जवाब दिए। बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि उनके कोच ग्लेन मिल्स का मानना है कि दुनिया ने उन्हें कभी उनके चरम पर (peak) नहीं देखा।
आठ बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता इस एथलीट ने इस दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, “मेरे कोच (ग्लेन मिल्स) को लगता है कि दुनिया ने मेरा सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं देखा। उनको ऐसा लगता है। मगर मुझे लगता है कि मैंने बहुत अच्छा किया।”
39 वर्षीय इस दिग्गज धावक के नाम 100 मीटर, 200 मीटर और 4×100 मीटर रिले में आज भी वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है।
दूसरी बार भारत दौरे पर बोल्ट
उसैन बोल्ट का यह दूसरा भारत दौरा है। पिछली बार वह करीब 14 साल पहले भारत आए थे, इसलिए उनका यह दौरा काफी अहम माना जा रहा है।
जब उनसे पूछा गया कि इस बार उनके लिए क्या खास रहा, तो उन्होंने हंसते हुए कहा, “इस बार मुझे सचमुच यहां के व्यंजन आजमाने का मौका मिला है। पिछली बार तो बस भागदौड़ में ही रह गया था।”
कोच ग्लेन मिल्स की प्रशंसा
उसैन बोल्ट ने अपने कोच ग्लेन मिल्स की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि मिल्स ने न केवल उनकी एथलेटिक सफलता, बल्कि उनके व्यक्तिगत विकास में भी अहम योगदान दिया है। उन्होंने कहा, “वे मेरे पिता जैसे हैं। उन्होंने न केवल ट्रैक और फील्ड में, बल्कि निजी जीवन में भी मेरा भरपूर साथ दिया है।”
बोल्ट के रैपिड फायर जवाब
रैपिड फायर सवालों के दिलचस्प जवाब:
- पसंदीदा भोजन?
- बोल्ट: फिलहाल तो करी रोटी है।
- जमैका के गाने या कुछ और?
- बोल्ट: जमैका के गाने।
- पसंदीदा आर्टिस्ट?
- बोल्ट: विब्ज कार्टेल।
- पसंदीदा क्रिकेटर?
- बोल्ट: क्रिस गेल।
- पसंदीदा मैनचेस्टर यूनाइटेड खिलाड़ी?
- बोल्ट: क्रिस्टियानो रोनाल्डो, रुड वान निस्टेलरॉय।