खाद-बीज विक्रेता पर झूठे बयान का आरोप, ‘CBI का इंतजार कर रहे पिता संजय बोले- न्याय के लिए हर स्तर पर लड़ूंगा

मनीषा की मौत के मामले की जांच कर रही सीबीआई (CBI) टीम बुधवार को भी हरियाणा के भिवानी नहीं पहुंची। परिजनों का कहना है कि अधिकारियों ने पहले दिल्ली से फॉरेंसिक रिपोर्ट जुटाने के बाद यहां आने की जानकारी दी थी, लेकिन अब तक वे नहीं आए हैं। पीड़िता के पिता संजय ने बताया कि शुक्रवार को वह दोबारा सीबीआई से संपर्क करेंगे।

संजय ने आरोप लगाया कि इस पूरे प्रकरण के तार खाद-बीज विक्रेता और नर्सिंग कॉलेज से जुड़े हैं। उनका कहना है कि वे न्याय के लिए हर स्तर पर लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने खाद-बीज विक्रेता पर झूठे बयान देकर घटना को आत्महत्या साबित करने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

“बेटी ने कोई साइन नहीं किए”

संजय ने दावा किया कि दुकान के सामने लगे सीसीटीवी फुटेज से यह स्पष्ट हो चुका है कि उनकी बेटी ने न तो कोई हस्ताक्षर किए और न ही कीटनाशक खरीदा। उन्होंने पहले भी कहा था कि न तो कोई सुसाइड नोट मिला है और न ही उनकी बेटी ने आत्महत्या की, बल्कि उसकी हत्या हुई है।

गौरतलब है कि स्थानीय पुलिस ने इसे आत्महत्या का मामला बताया था, जबकि सीबीआई हत्या की धाराओं के तहत गंभीरता से जांच कर रही है। सीबीआई 3 सितंबर से मामले की जांच कर रही है। 24 सितंबर को टीम ने भिवानी से साक्ष्य जुटाकर एम्स में हुए तीसरे पोस्टमार्टम की रिपोर्ट पर विशेषज्ञों की राय भी ली थी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *