त्रिकोणीय प्रेम और बदले की आग, ‘लड़की का झुकाव बदला तो नाबालिग ने जीजा और साथियों संग मिलकर किया ‘ऑनर्ड किलिंग’
मध्य प्रदेश के झाबुआ जिले में एक लड़का और लड़की के शव जंगल में मिले थे, जिनके गले में दुपट्टा बंधा पड़ा था। प्रथम दृष्टया पुलिस इसे आत्महत्या मानकर तफ्तीश कर रही थी, लेकिन पुलिस जांच में जो खुलासा हुआ, वह बेहद चौंकाने वाला था। यह आत्महत्या नहीं बल्कि एक दोहरा हत्याकांड (डबल मर्डर) था। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
कैसे हुआ खुलासा?
26 सितंबर को ग्राम खेड़ा में बांस की झाड़ियों के नीचे अंकित पंडा (17) और तोला गामोड़ (14) के शव मिले थे। दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे और गले में दुपट्टा बंधा होने के कारण मामला आत्महत्या जैसा लगा। पुलिस ने जांच शुरू की और कॉल डिटेल और परिस्थितिजन्य साक्ष्य ने पुलिस को हत्याकांड की ओर इशारा किया।
रिश्तों में बदलाव बना मौत का कारण
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका तोला पहले एक नाबालिग आरोपी के संपर्क में थी, लेकिन बाद में उसका झुकाव अंकित की ओर हो गया। यह बात आरोपी नाबालिग को नागवार गुज़री। उसने बदनामी के डर से अपने जीजा पिंटु, साथियों रमसु और दिलीप को उकसाया। इन चारों ने मिलकर अंकित और तोला की गला दबाकर हत्या कर दी।
पुलिस की कार्रवाई
कल्याणपुरा थाने में भारतीय न्याय संहिता (बी एन एस) के तहत अपराध क्रमांक 252/2025 धारा 103(1), 238, 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया। एएसपी प्रतिपाल सिंह महोबिया ने बताया कि आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है, हालांकि पूछताछ में उन्होंने अभी तक गुनाह कबूल नहीं किया है।