बिहार चुनाव 2025 से पहले RLJP सुप्रीमो की रणनीति, सिर्फ मजबूत और ‘जीत की गारंटी’ वाली सीटें मांगेंगे
बिहार विधानसभा चुनाव से पहले सीट बंटवारे को लेकर कयासों का सिलसिला तेज है। इसी बीच, राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी (RLJP) के सुप्रीमो पशुपति कुमार पारस ने एक बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी चुनाव में 100 प्रतिशत स्ट्राइक रेट हासिल करेगी।
सर्वे के आधार पर मांगेंगे सीटें:
मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने सीटों के बंटवारे पर बड़ी बात कहते हुए कहा, “हमने एक सर्वेक्षण कराया है। ऐसे में हम केवल उन्हीं सीटों की मांग करेंगे, जहां हमारे मजबूत उम्मीदवार हैं और जहां हमें जीत का पूरा भरोसा है।” पारस ने कहा कि बिहार की जनता अब बदलाव के लिए तैयार है और उन्हें पूरा भरोसा है कि उनकी पार्टी 100 प्रतिशत स्ट्राइक रेट हासिल करेगी।
32 जिलों में हुआ जनसंपर्क:
पशुपति पारस ने बताया कि उनकी पार्टी ने बिहार के 32 जिलों में बैठकों के साथ-साथ जनसंपर्क कार्यक्रम किए हैं। इस दौरान जनता और कार्यकर्ताओं से बातचीत हुई, जिससे यह पता चला कि जनता बदलाव के मूड में है और नई सरकार देखना चाहती है। उन्होंने मौजूदा सरकार पर बड़ा आरोप लगाते हुए यह भी दावा किया कि इस बार जनता वोट के जरिये जवाब देगी।
पार्टी का मुख्य मकसद:
पशुपति पारस ने कहा कि विधानसभा चुनाव के दौरान उनकी पार्टी एक्टिव रहेगी। पार्टी का मुख्य मकसद राज्य के युवाओं को रोजगार देना और बिहार को नई दिशा देना है।
ज्ञात हो कि त्योहारी सीजन के बीच ही चुनाव आयोग जल्द ही तारीखों का एलान कर सकता है। इससे पहले सभी राजनीतिक दलों की नजरें NDA और महागठबंधन में सीट बंटवारे पर टिकी हुई हैं।