हनुमानगढ़ में ज़मीन विवाद, ट्रैक्टर लेकर घुसे, फसल रौंदी और जान से मारने की धमकी; तीन के खिलाफ FIR दर्ज।
राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले से कृषि भूमि पर जबरन कब्जा करने की कोशिश, तोड़फोड़ करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में नोहर पुलिस थाना में एक नामजद समेत दो अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, दलपतपुरा (पीएस नोहर) निवासी हंसराज (60) पुत्र काशीराम सुथार ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। उन्होंने बताया कि रोही दलपतपुरा में उनकी और उनके दो भाइयों की कृषि भूमि है, जिसके चारों ओर पिल्लर लगाकर तारबंदी की हुई है।
शिकायत में कहा गया है कि 27 सितंबर की दोपहर के समय, दलपतपुरा निवासी कनीराम पुत्र गिरधारी राम बेनीवाल और दो अन्य व्यक्ति ट्रैक्टर लेकर उनकी भूमि में कब्जा करने की नीयत से घुस आए। उन्होंने कृषि भूमि में हल चलाकर फसलों को नुकसान पहुंचाया तथा एक पिल्लर और तारबंदी को क्षतिग्रस्त कर दिया।
जब हंसराज ने रामचंद्र बेनीवाल, इंद्रसिंह सहारण और मानसिंह सहारण के साथ मिलकर इन लोगों से समझाइश की, तो कनीराम ने उन्हें धमकाते हुए कहा, “इस जमीन को भूल जाओ। हम तुम्हारी सारी जमीन पर ही कब्जा कर काश्त करेंगे। अगर पुलिस में शिकायत की तो हाथ-पैर तोड़ कर जान से मार देंगे।”
नोहर पुलिस ने हंसराज की रिपोर्ट के आधार पर कनीराम व दो अन्य के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल शंकरलाल को सौंपी गई है।