गुरुग्राम, BJP नेता के घर 22 लाख की सनसनीखेज चोरी, नौकर ने मॉर्निंग वॉक के दौरान दिया वारदात को अंजाम।

गुरुग्राम में भाजपा की जिला उपाध्यक्ष व ए3एम कंपनी की डायरेक्टर ममता भारद्वाज के घर से नौकर द्वारा चोरी की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया गया। पति के साथ मॉर्निंग वॉक पर जाने के सिर्फ आधे घंटे के भीतर ही उनके घर से करीब 20 लाख रुपए के गहने और 2 लाख रुपए नकद, यानी कुल 22 लाख रुपए की चोरी हो गई। हालांकि, सेक्टर-43 अपराध शाखा की टीम ने तत्परता दिखाते हुए चोरी के महज आठ घंटे के भीतर ही मुख्य आरोपी को दिल्ली के आनंद विहार बस अड्डे से काबू कर लिया।

सेक्टर-50 थाना पुलिस को दी गई शिकायत में ममता भारद्वाज ने बताया कि वह ऑर्चिड पेटल सोसाइटी में रहती हैं। उन्होंने दिल्ली की एक प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से नेपाल निवासी युवराज थापा को करीब 15 दिन पहले घरेलू नौकर के तौर पर रखा था। उसके अच्छे व्यवहार को देखते हुए वह अपने पति अरुण भारद्वाज के साथ पार्क में मॉर्निंग वॉक करने गई थीं। वापस लौटने पर घर का दरवाजा और अलमारी खुली मिली। जांच में पाया गया कि घर से लाखों के गहने और नकदी गायब है, और नौकर युवराज भी फरार है।

इंस्पेक्टर नरेंद्र शर्मा (अपराध शाखा सेक्टर-43 प्रभारी) ने बताया कि आरोपी नेपाल भागने की फिराक में था। दो टीमों का गठन किया गया और उन्हें आनंद विहार बस अड्डे पर भेजा गया, जहां से नेपाल के लिए बसें चलती हैं। टीम ने युवराज थापा को बस का इंतजार करते हुए रंगे हाथ दबोच लिया।

पूछताछ में युवराज ने खुलासा किया कि उसने अपने साथी भीम बहादुर के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। चोरी के बाद उन्होंने दिल्ली के आया नगर में माल का बंटवारा किया और वह नेपाल भागने के लिए आनंद विहार पहुंचा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 10 लाख रुपए के गहने बरामद किए हैं और दूसरे आरोपी भीम बहादुर की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *