लिव-इन पार्टनर की गाड़ी से टकराई या हत्या? सरिता यादव की मौत ने खड़े किए सवाल, पुलिस ने शुरू की जांच
बेमेतरा-कवर्धा मार्ग के किनारे ग्राम खुरूसबोर्ड निवासी सरिता यादव (32) की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जिला अस्पताल में डॉक्टरों की टीम ने महिला के शव का पोस्टमार्टम (पीएम) कराया है। सरिता को सत्येंद्र डोन्डे और पिन्टू यादव अचेत अवस्था में जिला अस्पताल लाए थे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना प्रारंभ कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार की रात 32 वर्षीय सरिता यदु को खुरूसबोर्ड निवासी सत्येंद्र डोन्डे और सरिता के भाई पिन्टू यादव अचेत हालत में जिला अस्पताल लाए थे। जिला अस्पताल के डॉक्टर ने जांच कर मौत की पुष्टि की। दुर्घटना की खबर मिलते ही पुलिस ने शव का निरीक्षण किया और मामला संदिग्ध लगने पर पूछताछ शुरू की।
सत्येंद्र डोन्डे ने पुलिस को बताया कि बुधवार को जब वह ऑटो चलाकर घर पहुंचा, तो सरिता और उसका भाई पिन्टू दोनों शराब पी रहे थे। शराब पीने को लेकर उसने दोनों को डांटा। इसके बाद, सरिता उसके साथ न रहने की बात कहकर ग्राम सैगोना की ओर चली गई। सत्येंद्र, पिन्टू को साथ बैठाकर सरिता को खोजते हुए जा रहा था कि सैगोना से पहले सरिता उसके वाहन से टकरा गई, जिससे उसके सिर पर गंभीर चोट लगी। घायल को पहले सैगोना के एक निजी डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां डॉक्टर नहीं मिला। इसके बाद सरिता को जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत बताया।
जांच में सामने आया है कि मृतका बेमेतरा निवासी थी। सत्येंद्र दो साल पहले बेमेतरा काम करने आता था। संपर्क बढ़ने के बाद सरिता अपने पति और बच्चों को छोड़कर सत्येंद्र के साथ खुरूसबोर्ड में रहने लगी थी। करीब 8 दिन पहले सरिता का भाई पिन्टू यादव भी उनके घर रहने आया था। बुधवार को सरिता और पिन्टू ने साथ बैठकर शराब पी थी, जिसके बाद सत्येंद्र के आने पर विवाद हुआ था।
महिला की मौत को संदिग्ध मानते हुए खंडसरा प्रभारी राकेश साहू ने जांच के लिए फोरेंसिक एक्सपर्ट भारती चंद्राकर की मदद ली। टीम ने शव का निरीक्षण किया और ग्राम खुरूसबोर्ड के घटनास्थल पर जाकर भी जांच की। पीएम डॉक्टरों की टीम से कराया गया है। प्रभारी साहू ने बताया कि जांच जारी है और सत्येंद्र डोन्डे का बयान लिया गया है। मौत का सही खुलासा शॉर्ट पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।