‘आई लव मोहम्मद’ पर विवाद, मुजफ्फरनगर के शख्स ने सोशल मीडिया पर दी खुलेआम ‘गर्दन काटने’ की धमकी, हड़कंप
आई लव मोहम्मद’ को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। नया मामला मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कस्बे से आया है, जहां एक शख्स ने सोशल मीडिया पर खुलेआम गर्दन काटने की धमकी दे डाली। मुजफ्फरनगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुकदमा दर्ज किया है और आरोपी की तलाश कर रही है।
सोशल मीडिया पर पोस्ट किया वीडियो: आरोपी का नाम नदीम है, जिसने ‘आई लव मोहम्मद’ को लेकर विवादास्पद वीडियो बनाया। उसने न केवल भड़काऊ बयान दिया, बल्कि अपना पता बताते हुए माहौल बिगाड़ने की कोशिश भी की। यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया, जिसके बाद प्रशासन में हड़कंप मच गया।
गंभीर धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा: मुजफ्फरनगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना बुढ़ाना में नदीम के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा (FIR) दर्ज किया है। एसपी देहात आदित्य बंसल ने बताया कि आरोपी ने मुंबई में यह वीडियो बनाकर वायरल किया था, जिसमें उसने खुलेआम धमकी भरे शब्दों का इस्तेमाल करते हुए सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास किया।
गिरफ्तारी के लिए टीम गठित: पुलिस अधिकारी ने बताया कि नदीम की गिरफ्तारी के लिए एक विशेष टीम गठित की गई है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल, पुलिस साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन और नेटवर्क खंगाल रही है।