हत्या की साजिश का पर्दाफाश! ज़ूबिन के मैनेजर-आयोजक गिरफ्तार, SIT रिपोर्ट में जहर देने का दावा

मशहूर संगीतकार ज़ूबिन गर्ग की रहस्यमय मौत की जाँच में एक बड़ा मोड़ आ गया है। असम पुलिस ने ज़ूबिन के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा को गिरफ्तार कर लिया है। उन पर आपराधिक साज़िश और हत्या का मामला दर्ज किया गया है। इस मामले में फेस्टिवल ऑर्गनाइज़र श्यामकानु महंत का नाम भी शामिल है।

CID की विशेष जाँच दल (SIT) ने जो रिपोर्ट जमा की है, उसमें चश्मदीद शेखर ज्योति गोस्वामी के चौंकाने वाले बयान दर्ज़ हैं। ज्योति गोस्वामी ने आरोप लगाया है कि सिंगापुर के पैन पैसिफिक होटल में ज़ूबिन के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा का बर्ताव बहुत अजीब था। उन्होंने जबरन नाविक से याट का नियंत्रण छीन लिया था, जिससे यात्रियों की जान खतरे में पड़ गई थी।

सबसे बड़ा आरोप यह है कि जब ज़ूबिन पानी में संघर्ष कर रहे थे, तब सिद्धार्थ शर्मा ने कथित तौर पर सबको चिल्लाकर कहा था, ‘उसे जाने दो’

ज्योति गोस्वामी ने जाँचकर्ताओं को यह भी बताया कि ज़ूबिन तैराकी में बहुत कुशल थे। ज़ूबिन ने ही सिद्धार्थ और ज्योति को तैरना सिखाया था, इसलिए उनके डूबने का सवाल ही नहीं उठता। ज्योति का दावा है कि सिद्धार्थ शर्मा और श्यामकानु महंत ने मिलकर ज़ूबिन को ज़हर दिया। उन्होंने यह भी बताया कि मैनेजर ने याट पार्टी के वीडियो शेयर करने से भी मना किया था। सूत्रों के अनुसार, ज़ूबिन के मैनेजर जाँच के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए थे।

इस बीच, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व शर्मा ने मामले की गंभीरता को देखते हुए गुवाहाटी हाईकोर्ट के वर्तमान न्यायाधीश की अध्यक्षता में न्यायिक आयोग के गठन को मंज़ूरी दे दी है। मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को बताया, “न्यायमूर्ति सौमित्र सैकिया की अध्यक्षता में शनिवार को आयोग का गठन किया जाएगा। मैं उन सभी लोगों से अनुरोध करता हूँ जिनके पास कोई सबूत या तथ्य है, वे आयोग के साथ साझा करें।”

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *