स्कूबा डाइविंग में मौत के मुँह से वापस! Apple Watch Ultra के ‘साइरन’ फीचर ने बचाई मुंबई के इंजीनियर की जान

जहाँ लोकप्रिय गायक ज़ूबिन गर्ग की स्कूबा डाइविंग के दौरान मौत से संगीत जगत सदमे में है, वहीं मुंबई के एक युवा टेक इंजीनियर क्षितिज जोदार ने भयानक खतरे के मुँह से वापस आकर यह साबित कर दिया कि आधुनिक स्मार्ट डिवाइस जीवन रक्षक भी हो सकता है।

26 वर्षीय क्षितिज के हाथ में बंधी एप्पल वॉच अल्ट्रा (Apple Watch Ultra) के ‘इमरजेंसी साइरन’ फीचर ने उनकी जान बचाई। यह दुर्घटना कुछ महीने पहले बंगाल की खाड़ी में स्कूबा डाइविंग के दौरान हुई। क्षितिज लगभग 36 मीटर की गहराई में थे, तभी अचानक उनकी वेट बेल्ट खुल गई, जिसके कारण वह तेज़ी से पानी की सतह की ओर बढ़ने लगे।

स्कूबा डाइविंग में पानी के अंदर से तेज़ गति से ऊपर आना बेहद ख़तरनाक माना जाता है। इससे फेफड़े अत्यधिक फूलकर फट सकते हैं (Lung Over-Expansion) और जानलेवा साबित हो सकता है। क्षितिज किसी भी तरह से अपनी ऊपर की ओर बढ़ती गति को नियंत्रित नहीं कर पा रहे थे, न ही वह किसी को मदद के लिए संकेत दे सकते थे।

ठीक उसी समय, उनकी एप्पल वॉच अल्ट्रा ने उनकी तेज़ गति और पानी की गहराई को मापते हुए काम करना शुरू कर दिया। पहले वॉच ने स्वचालित रूप से एक चेतावनी संदेश भेजा कि उन्हें अपनी गति धीमी करनी चाहिए। जब क्षितिज ने पहली चेतावनी को अनदेखा किया, तो डिवाइस ने अपना इमरजेंसी साइरन (Emergency Siren) सक्रिय कर दिया।

क्षितिज ने बताया, “घड़ी ने बहुत ही तेज और स्पष्ट आवाज़ में साइरन बजाना शुरू कर दिया।” यह तीखी आवाज़ क्षितिज से कुछ ही दूरी पर मौजूद उनके प्रशिक्षक (Instructor) तक पहुँची। प्रशिक्षक तुरंत वापस लौटे और 10 मीटर और ऊपर जाने से पहले क्षितिज को पकड़ लिया और उनकी गति को नियंत्रित किया।

इस घटना के बाद, क्षितिज ने एप्पल के सीईओ टिम कुक (Tim Cook) को धन्यवाद देते हुए एक ईमेल भेजा, जिसका जवाब टिम कुक ने व्यक्तिगत रूप से दिया। उन्होंने लिखा, “मुझे बहुत खुशी है कि आपके प्रशिक्षक अलार्म सुनकर जल्दी से आपकी मदद कर पाए। अपना अनुभव हमारे साथ साझा करने के लिए बहुत-बहुत धन्यवाद। स्वस्थ रहें।”

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *