भारत-पाक तनाव चरम पर, ‘राजनाथ और द्विवेदी के तीखे तेवरों पर इस्लामाबाद का पलटवार, ‘तेज, निर्णायक और विनाशकारी’ जवाब की धमकी
भारतीय सैन्य और राजनीतिक नेताओं की हालिया टिप्पणियों की आलोचना करते हुए पाकिस्तानी सेना ने शनिवार को एक जोरदार बयान जारी किया। इसमें चेतावनी दी गई है कि दोनों देशों के बीच भविष्य में होने वाले किसी भी संघर्ष के परिणामस्वरूप “भयानक तबाही” (Cataclysmic Devastation) हो सकती है।
बयान में भारतीय नेतृत्व द्वारा दिए गए उन बयानों की निंदा की गई, जिन्हें ‘गैर-जिम्मेदार’ और ‘भड़काऊ’ बताया गया है। पाकिस्तान के अनुसार, ये बयान दक्षिण एशिया में शांति और सुरक्षा को अस्थिर करने का जोखिम पैदा करते हैं।
यह चेतावनी तब आई जब भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा और राष्ट्रीय एकता की रक्षा के लिए भारत को किसी भी सीमा को पार करने का अधिकार है। इसी तरह के विचार व्यक्त करते हुए सेना प्रमुख जनरल उपेंद्र द्विवेदी ने पाकिस्तान से अपनी धरती पर आतंकवाद को समर्थन देना बंद करने का आग्रह किया। द्विवेदी ने यह भी संकेत दिया कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने जो संयम दिखाया था, भविष्य में सैन्य टकराव में उसे दोहराया नहीं जाएगा। वायुसेना प्रमुख, एयर चीफ मार्शल ए पी सिंह ने आगे कहा था कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय हमलों में अमेरिकी F-16 जेट सहित कम से कम एक दर्जन पाकिस्तानी सैन्य विमान नष्ट या क्षतिग्रस्त हुए थे।
इन बयानों के जवाब में पाकिस्तान ने अपनी सैन्य क्षमताओं और तैयारी पर तीखे बयान के साथ प्रतिक्रिया दी है। पाकिस्तानी सेना ने दावा किया कि किसी भी नई शत्रुता का जवाब “तेज, निर्णायक और विनाशकारी” होगा। उन्होंने धमकी दी है कि उनके सशस्त्र बलों में भारतीय क्षेत्र के काफी अंदर तक ऑपरेशन करने की क्षमता और संकल्प दोनों हैं, और कहा कि ‘पाकिस्तान को नक्शे से मिटाने’ की धमकियों का परिणाम दोनों देशों को भुगतना पड़ेगा।