‘तेजस्वी, अब तुम्हारी खैर नहीं!’ नित्यानंद राय का RJD पर तीखा हमला, बिहार में फिर ‘जंगलराज’ की चेतावनी

बिहार की राजनीति में आज एक बार फिर जुबानी जंग तेज हो गई है। पटना में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय ने राष्ट्रीय जनता दल (RJD), पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला। केंद्रीय मंत्री ने तेजस्वी यादव को सीधे निशाने पर लेते हुए कहा कि RJD के लोग बिहार में ‘जंगलराज’ लेकर आए। उन्होंने चेतावनी दी, “तेजस्वी यादव, अब तुम्हारी खैर नहीं है। बिहार की जनता इस बार के विधानसभा चुनाव में तुम्हे और तुम्हारी पार्टी को धूल चटा देगी।” उन्होंने आगे कहा कि जिस सरकार में अपराधी को संरक्षण मिले, उसे सरकार कहना ही बेकार है।

तेजस्वी यादव को नित्यानंद की सीधी चुनौती नित्यानंद राय ने तेजस्वी यादव को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि “अगर हिम्मत है तो सच को स्वीकार करो और तब जाकर चुनाव के मैदान में उतरो।” उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार की जनता उस ‘जंगलराज’ के दिनों को अब भी याद करके सिहर उठती है, जब अपराध और भय आम बात थी। उन्होंने सरकारी आंकड़े का हवाला देते हुए कहा, “उन 15 सालों में 32 हजार से ज्यादा अपहरण की घटनाएं हुईं। अपहरण एक उद्योग बन चुका था और हत्या की घटनाएं तो लाखों में थीं।”

RJD पर लगाया हत्याएं और नरसंहार कराने का आरोप राज्य मंत्री ने आरोप लगाया कि RJD के जंगलराज में एफआईआर तक दर्ज नहीं होती थी। गरीबों को पोलिंग बूथ तक जाने से रोका जाता था और पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी जाती थी। उन्होंने दावा किया कि “15 साल के जंगलराज में 59 नरसंहार हुए थे।” उन्होंने कहा कि उस समय बच्चों को स्कूल भेजने में डर लगता था, क्योंकि अपहरण और हत्या आम बात हो गई थीं। उन्होंने आगे आरोप लगाया कि उस समय “अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए थे कि वे सत्ताधारियों के संरक्षण में थे। लालू यादव के घर से ही अपराधियों को संरक्षण मिलता था।”

2020 के विधानसभा चुनाव का जिक्र साल 2020 के विधानसभा चुनाव का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि 7 नवंबर को जब अंतिम चरण का मतदान हुआ था, तब किसी ज्योतिषी ने तेजस्वी यादव से कहा कि वे मुख्यमंत्री बनने वाले हैं। “बस फिर क्या था, RJD के गुंडों ने 2 दिन तक बिहार में तांडव मचा दिया। उस भय से बिहार ना सोया था, ना खाया था।” लेकिन, उन्होंने कहा कि “बिहार अब बदल चुका है। अब बिहार कानून, विकास और सुशासन की राह पर है। जो लोग जंगलराज की वापसी का सपना देख रहे हैं, उन्हें जनता इस बार जवाब देगी।”

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *