दिल्ली-यूपी में 7 अक्टूबर को ‘रामायण’ रचयिता की जयंती पर छुट्टी का ऐलान! स्कूल-कॉलेज, सरकारी दफ्तर रहेंगे बंद!
भारतीय साहित्य के आदिकवि और महाकाव्य रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि की जयंती के अवसर पर दिल्ली और उत्तर प्रदेश (यूपी) सरकार ने 7 अक्टूबर (मंगलवार) को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया है।
इस फैसले के तहत, दिल्ली और पूरे उत्तर प्रदेश के सभी स्कूल, कॉलेज, और सरकारी दफ्तरों में कामकाज बंद रहेगा। उत्तर प्रदेश में पहले यह प्रतिबंधित अवकाश (Restricted Holiday) की श्रेणी में था, जिसे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की घोषणा के बाद अब सार्वजनिक अवकाश में बदल दिया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महर्षि वाल्मीकि को भारतीय संस्कृति का प्रकाशस्तंभ और समाज में समरसता का प्रतीक बताया है।
दिल्ली में होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम: दिल्ली में भी मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली सरकार ने महर्षि वाल्मीकि जयंती को विशेष महत्व दिया है। राजधानी में इस दिन कई सांस्कृतिक कार्यक्रम, शोभायात्राएं और श्रद्धांजलि सभाएं आयोजित की जाएंगी। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता स्वयं इन आयोजनों में उपस्थित होकर महर्षि वाल्मीकि को श्रद्धांजलि देंगी।
मुख्यमंत्री गुप्ता ने कहा कि वाल्मीकि जयंती संस्कृति और शिक्षा का प्रतीक है, और यह दिन हमें जीवन में नैतिकता और मानवता के मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा देता है।
यह अवकाश कर्मचारियों, छात्रों और नागरिकों को महर्षि वाल्मीकि के जीवन, उनके महान साहित्यिक योगदान और सत्य, धैर्य तथा सदाचार के संदेशों को जानने और भारतीय संस्कृति से गहराई से जुड़ने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगा।