एशिया कप के बाद अफगानिस्तान का बुरा हाल! मेजबानी में ही 3-0 से हारा, शैफुद्दीन की घातक गेंदबाजी के आगे पस्त!
एशिया कप 2025 के बाद खेली गई 3 मैचों की टी20 सीरीज़ में अफगानिस्तान का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। बांग्लादेश ने सीरीज़ के तीसरे और आखिरी मैच में भी शानदार जीत दर्ज करते हुए अफगानिस्तान का 3-0 से सूपड़ा साफ कर दिया। बांग्लादेश क्रिकेट के इतिहास में यह चौथा मौका है जब टीम ने किसी टीम का क्लीन स्वीप किया है।
अफगानिस्तान द्वारा यूएई में होस्ट की गई इस सीरीज़ का तीसरा मैच शारजाह क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। जेकर अली की कप्तानी में बांग्लादेशी टीम ने हर विभाग में कमाल का प्रदर्शन किया।
आखिरी मैच का हाल: पहले बल्लेबाजी करते हुए अफगानिस्तान की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर सिर्फ 143 रन ही बना सकी। अफगानिस्तान के लिए दरवेश रसूली ने सर्वाधिक 32 रन और सेदिकुल्लाह अटल ने 28 रनों का योगदान दिया। बांग्लादेश के लिए तेज गेंदबाज शैफुद्दीन ने महज 15 रन देकर 3 अहम विकेट चटकाए, जबकि नसुम अहमद और तंजीम हसन शाकिब ने 2-2 विकेट लिए।
जवाब में, बांग्लादेश ने शैफ हसन की विस्फोटक पारी की बदौलत 18 ओवर में 4 विकेट खोकर 144 रनों का लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। शैफ हसन ने 38 गेंदों पर 2 चौकों और 7 छक्कों की मदद से नाबाद 64 रनों की मैच जिताऊ पारी खेली। उन्हें तंजीम हसन (33 रन) का अच्छा साथ मिला। अफगानिस्तान के लिए मुजीब उर रहमान ने 2 विकेट लिए।