14 महीने की बच्ची से बलात्कार और हत्या! धान के खेत में गाड़ दिया शव, त्रिपुरा में रोंगटे खड़े करने वाली दरिंदगी

पश्चिम बंगाल जहां दुर्गापुर सामूहिक बलात्कार कांड को लेकर उबाल पर है, वहीं पूर्वोत्तर राज्य त्रिपुरा से एक और जघन्य अपराध की घटना सामने आई है। उत्तरी त्रिपुरा के पानिसगढ़ इलाके में 14 महीने की बच्ची से बलात्कार के बाद उसकी हत्या करने का आरोप लगा है। इतना ही नहीं, आरोपी ने बच्ची के शव को धान के खेत में गाड़ दिया था। इस दिल दहला देने वाली घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है।

मिली जानकारी के मुताबिक, बलात्कार और हत्या का आरोप एक दिहाड़ी मजदूर पर लगा है, जिसे पुलिस ने तुरंत गिरफ्तार कर लिया है और स्थानीय अदालत में पेश किया गया है।

पानिसगढ़ पुलिस स्टेशन के ऑफिसर-इन-चार्ज सुमंत भट्टाचार्य ने बताया कि बलात्कार की यह घटना शनिवार को हुई। आरोपी ने बच्ची की हत्या कर उसे धान के खेत में गाड़ दिया था।

क्या हुआ था?

आरोप है कि आरोपी बच्ची को ‘घुमाने ले जाने’ का बहाना बनाकर उसकी मां से ले गया था। इसके बाद उसने मासूम के साथ बलात्कार किया और फिर उसकी जान लेकर उसे मिट्टी के नीचे गाड़ दिया।

ओ.सी. ने आगे बताया, “बच्ची को ले जाने के 3 घंटे बाद भी जब आरोपी नहीं लौटा, तो माता-पिता चिंतित हो उठे। खबर तुरंत गांव में फैल गई और सौ से अधिक ग्रामीणों ने बच्ची की तलाश शुरू कर दी। इसी दौरान धान के खेत में दबी हुई बच्ची की बेजान लाश मिली।” बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और बाद में परिवार को सौंप दिया गया। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है।

गौरतलब है कि दुर्गापुर में एक प्राइवेट मेडिकल कॉलेज की छात्रा के साथ हुए सामूहिक बलात्कार की घटना पर विपक्ष ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की आलोचना की है। इस बीच, त्रिपुरा में यह घटना कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति की ओर गंभीर इशारा करती है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *