‘लड़का हो या लड़की, हेल्दी बेबी चाहिए’: भारती सिंह ने बताई दूसरी प्रेग्नेंसी में जेंडर चेक की अफवाह की सच्चाई
स्टैंड-अप कॉमेडियन भारती सिंह (Bharti Singh) और उनके पति हर्ष लिंबाचिया (Haarsh Limbachiyaa) जल्द ही अपने दूसरे बच्चे का स्वागत करने वाले हैं। इस कपल ने अनोखे अंदाज में अपने फैंस के साथ ये गुड न्यूज शेयर की थी। भारती और हर्ष पहले से ही एक बेटे लक्ष्य सिंह लिम्बाचिया, जिसे प्यार से गोला कहते हैं, के माता-पिता हैं।
कई मौकों पर भारती सिंह यह इच्छा जाहिर कर चुकी हैं कि वह इस बार एक बेटी चाहती हैं। ‘लाफ्टर शेफ’ शो में भी उन्होंने कहा था कि वह चाहती हैं कि उन्हें एक बेटी हो। जैसे ही कॉमेडियन ने दूसरी प्रेग्नेंसी का एलान किया, यह अफवाहें भी उड़ने लगीं कि उन्होंने बेटी की चाहत में विदेश जाकर अपने होने वाले बच्चे का जेंडर चेक (Gender Check) करवाया है।
अब भारती सिंह ने अपने व्लॉग में इन सभी अफवाहों पर चुप्पी तोड़ी है और सच बताया है। उन्होंने कहा, “अब मैं यह बोल रही हूं कि लड़का हो या लड़की, मुझे हेल्दी बेबी चाहिए। कुछ लोग कह रहे हैं कि बाहर गए, इन लोगों ने चेक करवा लिया।”
कॉमेडियन ने इन अफवाहों को सिरे से खारिज करते हुए कहा, “बिल्कुल भी नहीं, मैं लॉ के खिलाफ कभी नहीं जाती। हमने चेक करवाकर क्या करना है? भगवान का दिया सबकुछ है। मैं और हर्ष अच्छा कमा रहे हैं। लड़का या लड़की, जो भगवान देगा सर आंखों पर है।” उन्होंने बताया कि उनके घरवालों ने भी ऐसा करने को नहीं कहा। उन्होंने यह भी खुलासा किया कि लोग उन्हें मैसेज कर रहे हैं कि आप विदेश में हो, यहां पर चेक करा लो। इसके जवाब में भारती ने कहा, “नहीं करवाना चेक। मैं कहती हूं लड़का हो या लड़की, हेल्दी बच्चा चाहिए।” उन्होंने व्लॉग में बताया कि नन्हा मेहमान अगले साल आएगा।