जैसलमेर बस अग्निकांड: 20 लोगों की मौत! मंत्री बोले- ‘बस में हुआ था विस्फोट’, DNA सैंपलिंग से होगी शवों की पहचान।

राजस्थान के जैसलमेर में मंगलवार दोपहर एक स्लीपर बस में भीषण आग लगने से कम से कम 20 यात्रियों की जलकर मौत हो गई, जबकि 16 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। इस दुखद हादसे पर सीएम भजनलाल शर्मा, पूर्व सीएम अशोक गहलोत और मंत्री गजेंद्र सिंह खिमसर समेत कई नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है।

राजस्थान के मंत्री गजेंद्र सिंह खिमसर ने इस भयावह हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए कहा, “मैंने अपने जीवन में ऐसी घटना कभी नहीं देखी।” उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान के लिए डीएनए सैंपलिंग की जाएगी, क्योंकि शव बुरी तरह झुलस गए हैं। मंत्री ने यह भी कहा कि “बस में विस्फोट हुआ था और एफएसएल टीम इसकी जांच करेगी। जांच के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।”

राजस्थान के सीएम भजनलाल शर्मा ने इस भयानक बस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया। हादसे के बाद सीएम ने घटनास्थल पर पहुंचकर घटना की पूरी जानकारी ली। सीएम ने कहा कि इस हादसे में जान गंवाने वाले और घायलों के परिवार को सरकार की तरफ से हर संभव सहायता दी जाएगी। साथ ही उन्होंने घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। सीएम ने सोशल मीडिया पर भी शोक व्यक्त करते हुए इस दुखद घटना की जानकारी साझा की।

पीएमओ ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए जैसलमेर बस दुर्घटना पर शोक व्यक्त किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिखा, “राजस्थान के जैसलमेर में हुई दुर्घटना में लोगों की मौत से व्यथित हूं। इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं मृतकों और घायलों के परिवार वालों के साथ हैं।” उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने आगे घोषणा की कि इस घटना में जान गंवाने वाले लोगों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से ₹2 लाख और घायलों को ₹50 हजार की आर्थिक सहायता दी जाएगी।

दरअसल, मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे जैसलमेर-जोधपुर हाइवे पर जा रही एक एसी स्लीपर बस में अचानक आग लग गई। घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि बस के पिछले हिस्से से अचानक धुआं निकलने लगा, और जब तक सभी यात्री बस से नीचे उतर पाते, आग की तेज लपटों ने पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया और यह दर्दनाक हादसा हो गया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *