लाइमलाइट में आया रजत बेदी का पूरा परिवार! बेटी वेरा के रातोंरात स्टार बनने पर बोले ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ एक्टर
रजत बेदी “द बैड्स ऑफ बॉलीवुड” में अपनी दमदार एक्टिंग के बाद इन दिनों सुर्खियों में हैं। हालांकि सिर्फ उनका किरदार ही नहीं, बल्कि उनकी बेटी वेरा बेदी भी चर्चा बटोर रही हैं। वेरा अब तक लाइमलाइट से दूर रही हैं, लेकिन मुंबई में आर्यन खान के डायरेक्शन में बनी पहली फिल्म के ग्रैंड प्रीमियर में अपने पिता के साथ पहुंचकर वह रातोंरात सोशल मीडिया पर छा गईं।
हाल ही में रजत बेदी ने एक चैट के दौरान फैन्स के उस रिएक्शन पर बात की, जिसमें कहा गया था कि वेरा बेदी 18 साल की है, और वह रात के खाने में “10 करीना कपूर और 20 ऐश्वर्या खा सकती है।” इस पर रजत ने हाथ जोड़कर विनती करते हुए रिएक्शन दिया, “नहीं, नहीं प्लीज, प्लीज, प्लीज (हाथ जोड़कर)। मेरी बेटी बहुत मासूम लड़की है।”
उन्होंने कहा, “मेरी हाथ जोड़ के विनती है, ऐसा बयान कृपया मत बनाइए कि वह करीना कपूर या ऐश्वर्या राय को खा सकती है। हम बहुत भाग्यशाली हैं कि आप लोगों का प्यार मिल रहा है। कृपया उनकी तुलना करीना या ऐश्वर्या से ना करें, वे हमारी इंडस्ट्री में बहुत बड़ी हस्तियां हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “मेरी बच्ची है छोटी सी। कृपया उसे प्यार और सम्मान दें। अभी वह पढ़ रही है, 18 साल की है, कॉलेज जाती है। उसे भी नहीं समझ आ रहा ये क्या हो रहा है। पापा के साथ में एक रेड कार्पेट पर गई और मीडिया ने पकड़ के उठा लिया है।”
इससे पहले रजत ने कहा था, “मेरा पूरा परिवार सुर्खियों में आ गया है। सिर्फ मैं ही नहीं हूं। मेरे बच्चे भी इस समय मेरी और शो की वजह से सुर्खियों में हैं। वे वायरल हो गए हैं, और यह पागलपन है।” उन्होंने यह भी बताया कि कैसे वेरा की तुलना करीना कपूर से की जा रही है। अभिनेता ने कहा, “वह बहुत खुश हैं… क्योंकि यह अटेंशन सिर्फ भारत से ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया से आ रहा है। लोग अमेरिका, कनाडा, लंदन, दुबई, हर जगह से फोन कर रहे हैं। वह बहुत ही सरल हैं, और उन्हें पहले कभी इस तरह की किसी चीज़ का सामना नहीं करना पड़ा। यह उनके जीवन में पहली बार है कि वह अपने पिता के साथ किसी रेड कार्पेट इवेंट में गई हैं।”