गुनगुना दूध, मसालेदार सूप और गर्मागर्म खाना: आयुर्वेद एक्सपर्ट ने बताए ठंड में स्वस्थ रहने के खास नुस्खे
October 15, 2025
इस वक्त मौसम तेजी से बदल रहा है और अगले 2-3 सप्ताह में सर्दियां शुरू हो जाएंगी। सर्दियों का मौसम सेहत के लिए काफी चैलेंजिंग होता है, क्योंकि ठंड में स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है और एनर्जी, पाचन व स्वास्थ्य पर गहरा असर पड़ता है। इस मौसम में सही खानपान बेहद जरूरी होता है, ताकि इम्यूनिटी मजबूत बनी रहे और शरीर स्वस्थ रहे। आयुर्वेद के अनुसार, सर्दियों में ऐसी चीजें खानी चाहिए, जो शरीर को गर्माहट दें, पाचन शक्ति बढ़ाएं और इम्यूनिटी को मजबूत करें।
यूपी के अलीगढ़ आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. पीयूष माहेश्वरी ने News18 को बताया कि आयुर्वेद में हर मौसम के लिए अलग-अलग खानपान बताया गया है। सर्दियों में उष्ण (गर्म तासीर) और पोषक तत्वों से भरपूर भोजन करना फायदेमंद माना गया है।
सर्दियों के लिए आयुर्वेदिक डाइट टिप्स
- शरीर को गर्माहट: ठंड के मौसम में लोगों को गुनगुना दूध, घी, मसालेदार सूप, ड्राई फ्रूट्स, हल्दी और अदरक का सेवन करना चाहिए। ये चीजें शरीर को गर्माहट देने में मददगार होती हैं।
- पाचन शक्ति: सर्दियों में दालचीनी, इलायची, काली मिर्च और सौंफ जैसी चीजें शरीर में ‘अग्नि’ को बढ़ाती हैं, जिससे ठंड के मौसम में पाचन शक्ति बेहतर होती है।
- एनर्जी के स्रोत: इसके अलावा तिल, मटर, चना और गेहूं जैसे खाद्य पदार्थ सर्दियों में शरीर को भरपूर एनर्जी प्रदान करते हैं।
- इम्यूनिटी बूस्टर: आयुर्वेदिक डॉक्टर ने बताया कि सर्दियों में मौसमी फल और सब्जियां भी शरीर को हेल्दी रखने में मदद करती हैं। गाजर, शकरकंद, पालक, मूली और सेब जैसे फल-सब्जियां विटामिन और मिनरल्स से भरपूर होते हैं, जो शरीर के इम्यून सिस्टम को मजबूत करते हैं।
- खाने का तरीका: आयुर्वेद में सर्दियों के मौसम में सूखे और पके हुए फल खाने की सलाह दी जाती है, क्योंकि वे शरीर को गर्माहट देते हैं और पाचन तंत्र को भी दुरुस्त रखते हैं। इसके अलावा खाना भी गर्मागर्म खाना चाहिए, ताकि शरीर को गर्माहट मिल सके।