अभिनव कश्यप ने खोला राज,Salman-Shah Rukh के बाद अब भाई अनुराग कश्यप से क्यों नहीं करते बात?
बॉलीवुड के दो सुपरस्टार सलमान खान और शाहरुख खान पर हमला बोलने के बाद, निर्देशक अभिनव कश्यप ने अब अपने बड़े भाई, फिल्म निर्माता अनुराग कश्यप के साथ अपने संबंधों का खुलासा किया है। बॉलीवुड ठिकाना को दिए एक इंटरव्यू में, अभिनव ने कहा कि हालांकि वे दोनों एक ही स्कूल में पढ़े और लगभग एक ही समय मुंबई आए, लेकिन अब वे एक-दूसरे से बात नहीं करते हैं।
अभिनव ने इस रिश्ते को “व्यक्तिगत और भावनात्मक मामला” बताया। उन्होंने कहा, “बहुत से लोग यह नहीं जानते, लेकिन हम दोनों साथ बड़े हुए। हम ग्वालियर के एक ही बोर्डिंग स्कूल गए, फिर दिल्ली विश्वविद्यालय के एक ही कॉलेज; हम लगभग एक ही समय में मुंबई भी आए। हमने एक ही इंडस्ट्री में एक साथ काम किया, इसलिए हम बहुत करीब हैं।”
उन्होंने आगे बताया, “हम एक-दूसरे को अपने माता-पिता से भी बेहतर जानते हैं। हम नियमित रूप से बहस करते रहते हैं। वह बड़ा है, और जब उसे लगा कि मैंने गलती की है, तो उसने मुझ पर हाथ भी उठाया है। उसने मुझे कई बार पीटा है, लेकिन मैं उसे वापस नहीं मार सकता क्योंकि वह बड़ा है।”
भाई से क्यों टूटी बातचीत: अभिनव ने बताया कि उन्होंने अनुराग से बात करना क्यों बंद कर दिया। उन्होंने कहा, “पिछली बार जब हमने बात की थी, तो मुझे लगा कि गलती उसी ने की थी, इसलिए मैंने उससे बात करना बंद कर दिया। बस इतना ही।”
अभिनव ने यह भी कहा कि अनुराग के नाम से कई टिप्पणियाँ गलत तरीके से फैलाई गई हैं। उन्होंने एक मीम का ज़िक्र किया जिसमें कथित तौर पर अनुराग ने कहा था कि अभिनव को ‘गंभीर मानसिक समस्याएं’ हैं। अभिनव ने कहा कि उन्हें इस बात से कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने जोड़ा, “मैं अनुराग की बातों से परेशान नहीं होता, क्योंकि वह मेरा बड़ा भाई है। वह मेरा गुरु भी है, जिसने मुझे वह सब सिखाया जो मैं जानता हूं। अगर मैं पलटवार करता हूं, तो मेरे माता-पिता को बुरा लगेगा।”
अंत में, उन्होंने अपने बड़े भाई अनुराग के लिए एक भावनात्मक लेकिन तंज भरा संदेश दिया: “मैं आपके लिए इंतज़ाम कर दिया है। आप एक बार घर जाएं। आपकी माता जी ने सारी पुरानी चप्पलें, सारे पुराने बर्तन इकठ्ठे कर के रखे हुए हैं आपके लिए। आपको खूब पेश किए जाएंगे। एक बार बस घर चले जाइए आप।”