बिहार चुनाव: खेसारी लाल यादव बोले- मैं नहीं, पत्नी लड़ेंगी चुनाव, ‘4 दिन से मना रहा हूं, अगर वो मानी तो करूंगा नॉमिनेशन’

बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन की आखिरी तारीख 18 अक्टूबर रखी गई है और अभी भी कई सीटों पर उम्मीदवार तय नहीं हो पाए हैं। इसी सिलसिले में भोजपुरी गायक और अभिनेता खेसारी लाल यादव बुधवार को पटना पहुंचे। उन्होंने साफ़ किया कि वह इस बार चुनाव नहीं लड़ रहे हैं, लेकिन अपनी पत्नी को चुनाव लड़ने के लिए राजी करने की कोशिश कर रहे हैं।

मीडिया से बिहार विधानसभा चुनाव पर बात करते हुए खेसारी लाल यादव ने कहा, “मैं चाहता हूं कि मेरी पत्नी चुनाव लड़े, मैं उन्हें 4 दिन से मना रहा हूं। अगर वो मान जाती हैं तो नामांकन दाखिल करेंगे अन्यथा सिर्फ प्रचार करके भइया (तेजस्वी यादव) को जिताने की कोशिश करूंगा।”

पत्नी को मनाने की वजह

खेसारी लाल यादव ने बताया कि उनकी पत्नी हाउस वाइफ हैं और दो बच्चे की माँ हैं। ऐसे में उनकी पारिवारिक जिम्मेदारियां हैं और कोई माँ नहीं चाहती कि वह बच्चों को छोड़े। खेसारी ने कहा कि वह अपनी पत्नी को चुनाव लड़ने के लिए मना रहे हैं, लेकिन कोई दबाव नहीं डाल रहे हैं। अगर वह मान जाती हैं, तो नामांकन कर चुनाव लड़ेंगे, नहीं तो वह RJD के लिए चुनाव प्रचार करेंगे।

‘बदलाव है बहुत ज़रूरी’

इस बार बिहार में बदलाव कितना ज़रूरी है, इस पर बोलते हुए खेसारी लाल यादव ने कहा कि बिल्कुल बदलाव होना चाहिए, “बदलने से लोगों में डर पैदा होता है।” उन्होंने कहा कि एक बार बदल करके देखिए तभी लोगों में यह डर पैदा होगा कि अगर हम काम नहीं करेंगे तो बदल दिए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि किसी भी नेता के अंदर यह डर नहीं है कि वह काम नहीं करेगा तो जनता उसे हरा देगी। सभी लोग जाति धर्म के नाम पर जीतने की उम्मीद में हैं। उन्होंने यह भी कहा कि लालू परिवार से उनके परिवार जैसे संबंध हैं और वह उनके लिए चुनाव प्रचार करेंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *