एक्स-बॉयफ्रेंड को मिल्कशेक में जहर, डेटिंग ऐप पर मुलाकात: कैसे लॉ स्टूडेंट बनी सीरियल किलर, जानें पूरी कहानी

“हत्या करना अच्छा लगता है, इसलिए चार लोगों को मार दिया।” यह बयान किसी फ़िल्मी कहानी का नहीं, बल्कि ब्राजील की एक चौंकाने वाली हकीकत है। आमतौर पर हर हत्या के पीछे कोई न कोई वजह होती है, लेकिन सिर्फ मजे के लिए हत्या कर देना, ऐसा मामला कम ही सुना जाता है। दरअसल, एक लॉ स्टूडेंट ने सिर्फ 5 महीने में चार लोगों की हत्या कर दी। आरोप है कि उसने पहले 10 कुत्तों पर चूहे मारने वाली दवा का टेस्ट किया था और फिर उसे इंसानों पर आजमाया।

यह चौंकाने वाला मामला ब्राजील का है, जहां की रहने वाली 36 वर्षीय महिला एना पाउला वेलोसो फर्नांडीस ने कथित तौर पर शुरुआत में एक 65 वर्षीय व्यक्ति को जहरीला स्टू (Stew) खिलाकर मार डाला था और बाद में उसने तीन और हत्याएं कीं। द सन की रिपोर्ट के मुताबिक, इस हत्याकांड में कथित तौर पर उसकी जुड़वां बहन रॉबर्टा क्रिस्टीना वेलोसो फर्नांडीस और उसकी दोस्त मिशेल पाइवा दा सिल्वा (जो मारे गए लोगों में से ही एक की बेटी है) ने मदद की थी।

जनवरी से मई तक की 4 हत्याएं

पुलिस का आरोप है कि तीनों महिलाओं ने जनवरी से मई 2025 के बीच दक्षिण-पूर्वी ब्राजील के ग्वारूलोस, साओ पाउलो और रियो डी जेनेरियो राज्य के ड्यूक डी कैक्सियास में हत्याएं कीं। पुलिस प्रमुख हैलिसन आइडियाओ ने बताया कि एना फर्नांडीस अपने पीड़ितों के पास पहुंचने के लिए अलग-अलग तरकीबें अपनाती थी और फिर उनकी हत्या कर वहां से निकल जाती थी। उन्होंने आगे बताया कि एना ने स्वीकार किया है कि उसे हत्या करने में मजा आता था, इसीलिए वो लोगों को मारती थी।

हत्याओं का तरीका

  • पहला मर्डर (जनवरी): रिपोर्ट्स के मुताबिक, एना ने जनवरी में मार्सेलो फोंसेका नाम के बुजुर्ग को अपना पहला शिकार बनाया था। वह कमरा किराए पर लेने के बहाने उनके घर में रहने चली गई थी और फिर चार दिनों के भीतर ही उन्हें जहर दे दिया और उनका शरीर वहीं छोड़ दिया।
  • दूसरा मर्डर (अप्रैल): अप्रैल में एना एक महिला के घर कॉफी पीने गई, जिसकी मुलाकात एक डेटिंग ऐप के ज़रिए हुई थी, और बाद में उसकी मौत हो गई।
  • तीसरा मर्डर (अप्रैल): इसी महीने एना ने एक और शख्स को मार डाला। पुलिस का कहना है कि इस हत्या की सुपारी उसी शख्स की बेटी ने एना को दी थी और उसने कथित तौर पर एना को पैसे भी दिए थे।
  • चौथा मर्डर (मई): एना ने अपना चौथा और आखिरी शिकार अपने एक्स-बॉयफ्रेंड को बनाया था। ब्रेकअप के बाद उसने कथित तौर पर गर्भवती होने का नाटक किया था, लेकिन जब बात नहीं बनी तो उसने उसे मिल्कशेक में जहर मिलाकर दे दिया।

इन हत्याओं के आरोप में एना, उसकी जुड़वां बहन और उसकी दोस्त को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि एना फर्नांडीस ने हत्या करने से पहले जहर का असर चेक करने के लिए 10 कुत्तों को मारने की बात कबूल की है। उसके घर पर छापे के दौरान अधिकारियों को टेरबुफोस नामक एक प्रतिबंधित कीटनाशक मिला है, जो चूहे मारने वाले ज़हर जैसा था। पुलिस ने एना को सीरियल किलर बताया है और कहा कि इतनी हत्याओं के बाद भी उसे किसी तरह का पछतावा नहीं है

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *