सिर्फ एक्टिंग नहीं, इस प्रोडक्शन स्टूडियो के मालिक भी थे पंकज धीर, परिवार और फिल्मी करियर पर एक नजर
‘महाभारत’ में कर्ण का दमदार किरदार निभाकर हर घर में पहचान बनाने वाले मशहूर अभिनेता पंकज धीर अब हमारे बीच नहीं रहे। 14 अक्टूबर की देर रात, 68 वर्ष की उम्र में उन्होंने अंतिम सांस ली। बताया जा रहा है कि वे लंबे समय से कैंसर से जूझ रहे थे और अस्पताल में भर्ती थे। उनके निधन से टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है।
करियर से कमाई, शोहरत और पहचान
पंकज धीर का नाम सबसे पहले तब मशहूर हुआ जब उन्होंने 1988 में बीआर चोपड़ा की ‘महाभारत’ में कर्ण की भूमिका निभाई। उनका यह किरदार इतना लोकप्रिय हुआ कि आज भी दर्शक उन्हें उसी नाम से याद करते हैं। इसके बाद उन्होंने चंद्रकांता, युग, ग्रेट मराठा जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों और कई बॉलीवुड फिल्मों में काम किया।
अपने लंबे करियर में उन्होंने अभिनय से अच्छी-खासी कमाई की। primeworld.com की एक रिपोर्ट के मुताबिक, वह प्रति एपिसोड करीब ₹60,000 तक की फीस लेते थे। उन्होंने साधक, बादशाह, सोल्जर्स जैसी फिल्मों में भी यादगार रोल किए।
कुल संपत्ति और सालाना आय
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, पंकज धीर के पास लगभग ₹42 करोड़ की संपत्ति थी। इसमें उनकी मुंबई और पंजाब में प्रॉपर्टी, बैंक बैलेंस, निवेश और बिजनेस की आमदनी शामिल थी। वह फिल्मों और टीवी सीरियल्स के साथ-साथ ब्रांड एंडोर्समेंट से भी कमाई करते थे। बताया जाता है कि उनकी सालाना कमाई ₹1.44 करोड़ से ज्यादा थी।
एक्टिंग के अलावा बिजनेस वेंचर्स
2006 में पंकज धीर ने अपने भाई के साथ मिलकर मुंबई के जोगेश्वरी इलाके में एक रिकॉर्डिंग और प्रोडक्शन स्टूडियो Vijay Studioz की शुरुआत की। इसके ज़रिए वे नए कलाकारों और प्रोजेक्ट्स को मंच देने का काम करते थे। इससे उन्हें अच्छी आय होती थी और फिल्म निर्माण में भी उनकी गहरी रुचि थी।
पंकज धीर का जन्म 9 नवंबर 1956 को मुंबई में हुआ था। उनके बेटे निकितिन धीर भी बॉलीवुड में एक जाना-पहचाना नाम हैं, जिन्होंने ‘चेन्नई एक्सप्रेस’ जैसी फिल्मों में काम किया है।