हेलेन से होती थी तुलना, 19 साल की उम्र में 4 बच्चों के पिता संग की थी शादी; जानिए कैसी थी मधुमती की ज़िंदगी

बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस मधुमती ने अपनी अदाकारी के साथ-साथ अपने डांस से भी लोगों का दिल जीता है। लेकिन अब उनके चाहने वालों के लिए एक दुखद खबर सामने आई है। मधुमती का निधन हो गया है। अभिनेता विंदू दारा सिंह ने दिग्गज अभिनेत्री के निधन की खबर को कंफर्म किया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए सभी के साथ इस खबर को शेयर किया है।

विंदू दारा सिंह ने पोस्ट में लिखा, “वह हमारी शिक्षिका, दोस्त और दार्शनिक मार्गदर्शक थीं, सिर्फ मेरे लिए ही नहीं, बल्कि अक्षय कुमार, तब्बू और कई अन्य जैसे हज़ारों छात्रों के लिए भी! वह हम में से ज़्यादातर लोगों के संपर्क में रहीं और अपने सभी छात्रों के प्यार और देखभाल से भरपूर एक स्वस्थ जीवन जिया!”

डांस था ज़िंदगी

एक्टर विंदू ने बताया कि “आज सुबह जब वह उठीं, एक गिलास पानी पिया और हमेशा के लिए सो गईं, तो हम सभी ने अपने किसी करीबी को खो दिया! फिल्मों में अपने नृत्यों के साथ वह हमेशा अमर रहेंगी!” कहा जाता है कि मधुमती के लिए डांस उतना ही ज़रूरी था जितना कि ज़िंदा रहने के लिए खाना, पीना और सांस लेना। मधुमती का जन्म 30 मई 1944 को मुंबई के एक पारसी परिवार में हुआ था। अभिनेत्री के पिता जज थे।

हेलेन से तुलना पर क्या कहा था?

बचपन से ही मधुमती को डांस का शौक था। उन्होंने डांस भी सीखा था और वह खुद भी आगे चलकर डांस सिखाया करती थीं। दिग्गज अभिनेत्री भारतनाट्यम, कथक, मनिपुरी और कथकली के अलावा फिल्मी डांस भी करती थीं। मधुमती की तुलना अक्सर दिग्गज एक्ट्रेस हेलेन के साथ की जाती थी। इस बारे में मधुमती ने कहा था, ‘हम दोनों दोस्त थे लेकिन हेलेन जी सीनियर थी। फिल्म फ्रेटरनिटी को हम दोनों के लुक्स एक जैसे लगते थे और कुछ लोग हमेशा हमारी तुलना करते रहते थे। लेकिन हम कभी इससे परेशान नहीं हुए।”

मां की मर्जी के खिलाफ की थी शादी

मधुमती ने मनोहर दीपक संग शादी की थी। वह उम्र में एक्ट्रेस से काफी बड़े थे और 4 बच्चों के पिता भी थे। उनकी पहली पत्नी का निधन हो चुका था। मधुमती की मां दीपक को पसंद तो करती थीं, लेकिन उनसे अपनी बेटी की शादी करवाने के लिए राज़ी नहीं थी। हालांकि, मां की मर्ज़ी के खिलाफ जाकर मधुमती ने 19 साल की उम्र में दीपक मनोहर से शादी कर ली।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *