विदेश मंत्री एस जयशंकर करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व! आसियान-भारत रणनीतिक साझेदारी को प्रगाढ़ करने पर ज़ोर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार (26 अक्टूबर) से शुरू हो रहे आसियान शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए मलेशिया नहीं जाएंगे। पीएम मोदी इसमें वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे। इस निर्णय से अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ उनकी संभावित द्विपक्षीय मुलाकात अब नहीं हो पाएगी। बता दें कि ट्रंप 26 अक्टूबर को दो दिवसीय यात्रा पर कुआलालंपुर जा रहे हैं, जहां मलेशिया ने आसियान के कई सहयोगी देशों के नेताओं को आमंत्रित किया है।
सूत्रों ने बताया कि भारत सरकार ने मलेशिया को सूचित कर दिया है कि विदेश मंत्री एस जयशंकर इन महत्वपूर्ण बैठकों में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। आसियान (दक्षिण-पूर्व एशियाई राष्ट्र संघ) शिखर सम्मेलन 26 से 28 अक्टूबर तक कुआलालंपुर में आयोजित किया जाएगा।
पीएम मोदी और मलेशियाई पीएम की बातचीत
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पीएम मोदी की यात्रा स्थगित होने की जानकारी दी। उन्होंने लिखा: “कल रात मुझे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक सहयोगी का फोन आया… उन्होंने मुझे बताया कि भारत में चल रहे दीपावली समारोह के कारण वे वर्चुअल माध्यम से इसमें भाग लेंगे। मैं उनके निर्णय का सम्मान करता हूं।”
पीएम मोदी ने भी ‘एक्स’ पर लिखा कि उन्होंने मलेशिया के पीएम अनवर इब्राहिम को आसियान अध्यक्षता के लिए बधाई दी और कहा कि वह आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में “वर्चुअल रूप से शामिल होने और आसियान-भारत व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और प्रगाढ़ बनाने के लिए उत्सुक हैं।”
आसियान समिट 2025 का एजेंडा
आसियान का मुख्य एजेंडा शांतिपूर्ण दक्षिण पूर्व एशिया के निर्माण पर केंद्रित है। प्रमुख प्राथमिकताओं में आर्थिक विकास, व्यापार को बढ़ावा देना, डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन, और क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता बनाए रखना शामिल है। इस मंच पर अमेरिकी राष्ट्रपति, चीन के प्रधानमंत्री ली कियांग और इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी सहित कई प्रमुख विश्व शक्तियां एक साथ जुटेंगी।