शीतकाल के लिए बंद हुए केदारनाथ के कपाट: CM धामी ने की विशेष पूजा, उत्तराखंड को ‘सनातन की आध्यात्मिक राजधानी’ बनाने का लिया संकल्प
सनातन आस्था के प्रमुख केंद्र केदारनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए विधि-विधान के साथ बंद हो गए हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी विशेष रूप से केदारनाथ पहुंचे। उन्होंने श्रीकेदारनाथ धाम में विशेष पूजा-अर्चना करते हुए प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की।
CM धामी का संदेश: रिकॉर्ड तोड़ यात्रा हुई सफल
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड तीर्थयात्री पहुंचे और बाबा केदार के धाम की यात्रा अब सकुशल सम्पन्न हो चुकी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड को सनातन धर्म की आध्यात्मिक राजधानी के तौर पर विकसित कर रही है।
मुख्यमंत्री ने स्थानीय तीर्थ पुरोहितों और तीर्थयात्रियों से भी बातचीत की। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के सुनियोजित प्रयासों से इस बार की चार धाम यात्रा सफल और सुचारू रूप से संपन्न हुई।
2026 की यात्रा के लिए अभी से रणनीति
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि चारधाम यात्रा न सिर्फ प्रदेश की आर्थिकी में अहम योगदान देती है, बल्कि देवभूमि उत्तराखंड को दुनिया भर में रहने वाले सनातन धर्मावलंबियों से भी जोड़ती है। उन्होंने केदारनाथ धाम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में चार धामों के साथ ही मानसखंड से जुड़े मंदिरों में भी विभिन्न विकास कार्य पूरे किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्ष 2026 की यात्रा के लिए अभी से रणनीति तय कर ली जाए, ताकि समय रहते यात्रा के सभी प्रबंध पूरे किए जा सकें। उन्होंने यात्रा को सकुशल सम्पन्न कराने में सहयोग के लिए तीर्थ पुरोहितों, हक-हकूकधारियों, स्थानीय कारोबारियों और तीर्थ यात्रियों का विशेष आभार व्यक्त किया।