नाक रगड़वाने की सज़ा: BJP ने किसान मोर्चा उपाध्यक्ष विकुल चपराणा को सभी पदों से हटाया, 3 सहयोगी गिरफ्तार
मेरठ के तेजगढ़ी चौराहे पर कपड़ा व्यापारी से अभद्रता कर सड़क पर नाक रगड़वाने के आरोप में घिरे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) किसान मोर्चा की जिला इकाई के उपाध्यक्ष विकुल चपराणा के खिलाफ पार्टी ने कड़ी कार्रवाई की है। किसान मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष तेजा गुर्जर ने बुधवार को आदेश जारी कर विकुल को सभी पदों से तत्काल प्रभाव से हटा दिया और उनकी प्राथमिक सदस्यता भी निलंबित कर दी है।
3 गिरफ्तार, मुकदमे में जुड़ी गंभीर धाराएं:
इस मामले में पुलिस ने विकुल के तीन सहयोगियों— हैप्पी भड़ाना, आयुष शर्मा और सुबोध यादव—को देर रात गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। अधिकारियों के अनुसार, इनके खिलाफ दर्ज मुकदमे में मार्ग अवरुद्ध करने और वाहन में तोड़फोड़ करने की धाराएं भी जोड़ी गई हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि व्यापारी सत्यम रस्तोगी से नाक रगड़वाकर माफी मंगवाने की घटना की जांच पुलिस अधीक्षक (नगर) को सौंपी गई है।
हालांकि विकुल को गिरफ्तारी के बाद अदालत से जमानत मिल गई थी। भाजपा किसान मोर्चा के क्षेत्रीय अध्यक्ष तेजा गुर्जर ने अपने पत्र में लिखा है कि विकुल का यह आचरण पार्टी की मर्यादा और अनुशासन के विरुद्ध है तथा यह ‘‘आपराधिक मानसिकता’’ को दर्शाता है।
विपक्ष ने खोला मोर्चा, मंत्री के इस्तीफे की मांग:
घटना के बाद विपक्षी दलों और व्यापारिक संगठनों ने भी मोर्चा खोल दिया है। समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस ने ऊर्जा राज्य मंत्री डॉ. सोमेंद्र तोमर से इस्तीफे की मांग की है, जिनका नाम विकुल ने वायरल वीडियो में लिया था।
सपा के प्रदेश सचिव विपिन चौधरी और वरिष्ठ नेता मुखिया गुर्जर ने प्रदर्शन कर आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट और राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (NSA) लगाने की मांग की है। मेरठ व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष जीतू सिंह नागपाल के नेतृत्व में व्यापारियों ने कहा कि ऐसे मामलों में सख्त कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि व्यापारी वर्ग में भय का वातावरण समाप्त हो।
क्या था पूरा मामला:
19 अक्टूबर की रात तेजगढ़ी चौराहे पर एक रेस्तरां के बाहर वाहन पार्क करने को लेकर व्यापारी सत्यम रस्तोगी का भाजपा नेता विकुल चपराणा से विवाद हो गया था, जिसके बाद विकुल ने व्यापारी से जबरन नाक रगड़वाकर माफी मंगवाई। यह पूरा घटनाक्रम वीडियो में कैद हो गया, जो बाद में इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया और पुलिस ने देर रात विकुल के खिलाफ मामला दर्ज किया था।