बिहार चुनाव 2025: महागठबंधन ने तेजस्वी यादव को घोषित किया CM चेहरा, मुकेश साहनी होंगे डिप्टी CM फेस; राहुल गांधी की तस्वीर न होने पर BJP का तंज
बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की रणभेरी बजते ही विपक्षी महागठबंधन (INDIA गठबंधन) ने अपनी रणनीति को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। पटना के होटल मौर्या में आयोजित संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव को महागठबंधन का मुख्यमंत्री पद का चेहरा घोषित कर दिया गया। वहीं, विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के नेता मुकेश साहनी को डिप्टी CM फेस घोषित किया गया है।
इस ऐलान को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने किया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में तेजस्वी यादव, अशोक गहलोत और मुकेश साहनी सहित महागठबंधन के प्रमुख चेहरे शामिल हुए। अशोक गहलोत ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि तेजस्वी यादव ही गठबंधन के सीएम उम्मीदवार होंगे, जो बिहार की जनता के बीच युवा नेतृत्व का प्रतीक हैं।
तेजस्वी यादव का संबोधन:
सीएम फेस के ऐलान के बाद तेजस्वी यादव ने कहा, “हम महागठबंधन के लोग बिहार बनाने का काम करेंगे, इसलिए एकजुट हुए हैं। भरोसा जताने के लिए महागठबंधन के नेताओं और साथियों को तहे दिल से धन्यवाद।”
‘जनता बदलाव चाहती है’:
प्रेस कॉन्फ्रेंस में साझा चुनाव प्रचार अभियान की भी आधिकारिक घोषणा की गई। तेजस्वी ने अपने संबोधन में कहा, “बिहार की जनता बदलाव चाहती है, और हमारा गठबंधन विकास, रोजगार और न्याय की गारंटी देगा।” कयास लगाए जा रहे हैं कि गठबंधन ने यह फैसला सीट बंटवारे के तनाव को कम करने और एकजुटता दिखाने के लिए लिया है।
BJP का तीखा तंज:
प्रेस कॉन्फ्रेंस के पोस्टर पर केवल तेजस्वी यादव की तस्वीर होने से राजनीतिक दलों के बीच बहस छिड़ गई है। BJP ने इसे कांग्रेस के लिए अपमानजनक बताते हुए तीखा प्रहार किया। BJP प्रवक्ता शहजाद ने सोशल मीडिया पर लिखा, “महागठबंधन की प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी की जगह दिखाई नहीं गई। क्या आरजेडी उन्हें बोझ मान रही है?”