‘5 महीनों में 4 बार किया सब-इंस्पेक्टर ने रेप’! हाथ से लिखे सुसाइड नोट में सनसनीखेज आरोप, महाराष्ट्र में महिला डॉक्टर की मौत पर हंगामा।

महाराष्ट्र के सतारा जिले में एक महिला डॉक्टर की रहस्यमय मौत को लेकर हड़कंप मच गया है। डॉक्टर ने अपने हाथ से लिखे सुसाइड नोट में एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने लिखा है कि पिछले 5 महीनों में पुलिस अधिकारी ने उनके साथ चार बार बलात्कार किया और लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया, जिसकी वजह से वह आत्महत्या करने पर मजबूर हुईं।
यह घटना सतारा जिला अस्पताल में हुई। गुरुवार रात महिला डॉक्टर ने वहीं आत्महत्या कर ली। उन्होंने अपने बाएं हाथ पर एक सुसाइड नोट लिखा, जिसमें आरोपी पुलिस अधिकारी पर बलात्कार और मानसिक उत्पीड़न का स्पष्ट आरोप लगाया गया है।
पहले भी की थी शिकायत, नहीं हुई कार्रवाई
जानकारी के मुताबिक, मृतक डॉक्टर ने पहले भी जून में पलटन के डिप्टी सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस को पत्र लिखकर उस पुलिस अधिकारी के खिलाफ शिकायत की थी। उस समय उन्होंने तीन पुलिस अधिकारियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। आरोप है कि उस वक्त उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं की गई थी।
गुरुवार रात हुई इस दुखद घटना के बाद, सूत्रों के हवाले से खबर है कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के निर्देश पर आरोपी पुलिस अधिकारी को तुरंत निलंबित (सस्पेंड) कर दिया गया है।
राजनीतिक खींचतान शुरू
इस घटना को लेकर महाराष्ट्र की राजनीति में जमकर बयानबाजी शुरू हो गई है। कांग्रेस नेता विजय वड्डेवार ने इस घटना को लेकर महायुति सरकार पर तीखा हमला किया है। उन्होंने लिखा, “जहां रक्षक ही भक्षक बन जाता है! पुलिस का काम सुरक्षा देना है, लेकिन अगर वही महिला डॉक्टर को प्रताड़ित करें, तो न्याय कैसे होगा? जब युवती ने पहले शिकायत की थी, तो कोई कार्रवाई क्यों नहीं की गई? महायुति सरकार पुलिस को बचा रही है। केवल इस मामले की जांच का आदेश देना ही काफी नहीं है। आरोपी अधिकारियों को नौकरी से बर्खास्त किया जाना चाहिए।”