अभिनेता सतीश शाह का निधन, मौत से 31 घंटे पहले शम्मी कपूर को याद करते हुए किया था आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट

अभिनेता सतीश शाह का निधन, मौत से 31 घंटे पहले शम्मी कपूर को याद करते हुए किया था आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट

दिग्गज अभिनेता सतीश शाह के निधन से मनोरंजन जगत में शोक की लहर छा गई है। ‘साराभाई वर्सेज साराभाई’ जैसे कॉमेडी शो और ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ जैसी फिल्मों में अपनी एक्टिंग की अमिट छाप छोड़ने वाले सतीश, जो हमेशा पर्दे पर सबको हंसाते थे, आज अपने फैंस को रुलाकर चले गए।

सतीश शाह अपनी मौत के एक दिन पहले तक सोशल मीडिया पर सक्रिय थे। शनिवार दोपहर लगभग 2:30 बजे उनका निधन हुआ, जिसके बाद उनका आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट वायरल हो रहा है, जिसने उनके प्रशंसकों को भावुक कर दिया है।

आखिरी पोस्ट में सतीश शाह ने किसे याद किया?

सतीश शाह ने अपना आखिरी सोशल मीडिया पोस्ट अपनी मृत्यु से लगभग 31 घंटे पहले (शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे) किया था। इसमें उन्होंने दिवंगत दिग्गज अभिनेता शम्मी कपूर को याद किया था।

दरअसल, उन्होंने शम्मी कपूर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि देते हुए एक मैसेज लिखा था, हालांकि यह मैसेज उन्होंने जयंती के 3 दिन बाद पोस्ट किया था। सतीश ने X (ट्विटर) पर एक ग्रुप फोटो साझा की थी, जिसमें वह, गोविंदा और कुछ अन्य लोग शम्मी कपूर के साथ दिख रहे थे।

शाह ने फोटो के कैप्शन में लिखा था, “जन्मदिन मुबारक शम्मी जी। आप हमेशा मेरे आस-पास हैं।” इस पोस्ट को देखकर सतीश के फैंस उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं और भावुक हो रहे हैं।

सतीश शाह सोशल मीडिया पर सक्रिय थे और X पर उनके 51.1 हजार फॉलोअर्स थे। अपने प्रोफाइल के बायो में सतीश ने लिखा था: “बाय डिफॉल्ट एक्टर। फुलटाइम सपने देखने वाला। काम के प्रति आसक्ति से सफलतापूर्वक मुक्त। दुनिया के साथ अपडेट रहना पसंद है। राष्ट्र सबसे पहले।”

सतीश शाह को आखिरी बार किस फिल्म में देखा गया था?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सतीश शाह को बड़े पर्दे पर आखिरी बार ‘हमशक्लस’ फिल्म में देखा गया था, जो 2014 में रिलीज हुई थी। साजिद खान के निर्देशन में बनी इस कॉमेडी फिल्म में सैफ अली खान, रितेश देशमुख, राम कपूर, तमन्ना भाटिया, ईशा गुप्ता और बिपाशा बसु जैसे कलाकार भी थे। वहीं, टेलीविजन पर, सतीश शाह को आखिरी बार 2023 में ‘यूनाइटेड कच्छे’ शो में जोगु चिमनलाल पटेल के किरदार में देखा गया था।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *