ऑस्ट्रेलिया दौरे का शानदार अंत, रोहित-कोहली की बैटिंग ने दिलाई जीत, इशारों में दिया संन्यास नहीं लेने का संकेत

टीम इंडिया के लिए ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वनडे सीरीज का अंत जीत के साथ हुआ। सिडनी में खेले गए आखिरी मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 9 विकेट से हराकर लाज बचाई, हालांकि सीरीज ऑस्ट्रेलिया ने 2-1 से अपने नाम की। भारतीय फैंस के लिए सीरीज से ज्यादा आखिरी मैच का नतीजा यादगार रहा, क्योंकि इस जीत के हीरो रोहित शर्मा और विराट कोहली रहे। रोहित ने एक शानदार शतक जमाकर ऑस्ट्रेलिया में अपने सफर को यादगार अंदाज में खत्म किया, वहीं कोहली ने भी बेहतरीन अर्धशतकीय पारी खेली।
शनिवार (25 अक्टूबर) को सिडनी में वनडे सीरीज के आखिरी मैच में रोहित शर्मा और विराट कोहली ने 168 रन की जबरदस्त साझेदारी की। इस पार्टनरशिप के दम पर टीम इंडिया ने 9 विकेट से आसान जीत हासिल की और दोनों बल्लेबाज नाबाद पवेलियन लौटे। रोहित ने 121 रन की पारी खेली, जबकि कोहली ने 74 रन बनाए। अपनी इन पारियों से दोनों स्टार बल्लेबाजों ने फैंस को खुश किया और यह उम्मीद भी जगाई कि वे शायद आगे भी खेलना जारी रखेंगे।
रोहित ने इशारों में कही दिल की बात
इस सीरीज का पूरा फोकस विराट और रोहित का करियर था, और यह माना जा रहा था कि यह दौरा उनके इंटरनेशनल करियर का अंत हो सकता है। सिडनी में अपनी बैटिंग और मैच के बाद के बयान से रोहित ने फैंस के इस डर को खत्म कर दिया।
मैच के बाद इंटरव्यू में रवि शास्त्री और एडम गिलक्रिस्ट के सवालों के जवाब में रोहित ने साफ संकेत दिए कि दोनों फिलहाल संन्यास नहीं लेने वाले। रोहित ने कहा, “यहां (ऑस्ट्रेलिया) आकर खेलना हमेशा से काफी अच्छा लगता रहा है। मेरी 2008 की यादें फिर ताजा हो गईं। पता नहीं हम (रोहित और विराट) दोबारा ऑस्ट्रेलिया आएंगे या नहीं, लेकिन हम अपने क्रिकेट को इंजॉय करते हैं।”
रोहित ने इस एक बयान से स्पष्ट कर दिया कि भले ही उनके लिए दोबारा ऑस्ट्रेलिया का दौरा करना मुश्किल हो, लेकिन फिलहाल वह अपने क्रिकेट को जारी रखने का इरादा रखते हैं। उन्होंने आगे खेलते रहने का एक और इशारा देते हुए कहा, “मैं जब भारतीय टीम में आया था, तो उस वक्त सीनियर खिलाड़ियों ने मेरी मदद की थी। अब हमारा (रोहित और विराट का) भी यही काम है कि युवाओं को गाइड करें। प्लानिंग करनी होगी और बेसिक्स का ध्यान रखना होगा।”
फैसला गंभीर और अगरकर के हाथ में
अब दोनों स्टार बल्लेबाजों ने अपने प्रदर्शन और बयान से संन्यास के सवालों का जवाब दे दिया है। इसके आगे का फैसला हेड कोच गौतम गंभीर और मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के हाथों में है। अब देखना होगा कि क्या इनके प्रदर्शन में वो बात नजर आई कि अगली सीरीज में भी इन्हें चुना जाए। साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज 30 नवंबर से रांची में शुरू होगी। फैंस तो यही उम्मीद कर रहे होंगे कि रोहित-कोहली की जोड़ी फिर से मैदान पर उतरे।