दिल दहला देने वाला हादसा! 20 लोगों की मौत ‘हत्या’ क्यों? पुलिस कमिश्नर के बयान से हड़कंप!

हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही एक निजी स्लीपर बस में आग लगने से कम से कम 20 लोगों की जलकर मौत हो गई। यह भीषण दुर्घटना शुक्रवार तड़के आंध्र प्रदेश के कुरनूल के पास राष्ट्रीय राजमार्ग 44 (NH-44) पर हुई। जांच से पता चला है कि बस सड़क पर गिरी हुई एक मोटरसाइकिल से टकरा गई, जिसके बाद आग लग गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार की भी मौत हो गई।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि यह दुर्घटना कथित तौर पर शराब के नशे में बाइक सवार के नियंत्रण खोने के बाद हुई। अधिकारियों ने इसे केवल एक एक्सीडेंट मानने से इनकार कर दिया है।
‘नशे में गाड़ी चलाने वाले आतंकवादी हैं’ हैदराबाद के पुलिस कमिश्नर वीसी सज्जनार ने नशे में गाड़ी चलाने की कड़ी निंदा करते हुए इसे “आतंकवादी” कृत्य करार दिया है। उन्होंने स्पष्ट कहा, “नशे में गाड़ी चलाने वाले आतंकवादी होते हैं और उनकी हरकतें हमारी सड़कों पर किसी आतंकी कृत्य से कम नहीं हैं।” उन्होंने कुरनूल बस दुर्घटना को ‘रोका जा सकने वाला नरसंहार’ बताते हुए कहा कि यह सब कुछ एक नशे में धुत बाइक सवार की लापरवाही और गैर-ज़िम्मेदाराना व्यवहार के चलते हुआ।
वीसी सज्जनार ने जोर देकर कहा, “मैं अपने इस बयान पर पूरी तरह कायम हूं कि नशे में गाड़ी चलाने वाले हर मायने में आतंकवादी होते हैं। वे कई जिंदगियां, परिवार और भविष्य बर्बाद करते हैं। ऐसे कृत्य कभी बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।”
नशे में ड्राइविंग पर ‘जीरो टॉलरेंस’ सड़क सुरक्षा पर अपने विभाग के सख्त रुख को दोहराते हुए सज्जनार ने चेतावनी दी कि हैदराबाद पुलिस नशे में गाड़ी चलाते हुए पाए गए किसी भी शख्स पर कोई नरमी नहीं दिखाएगी। उन्होंने कहा, “निर्दोर्ष लोगों की जान जोखिम में डालने वालों के लिए कोई नरमी, कोई अपवाद और कोई दया नहीं होगी। अब समय आ गया है कि हम एक समाज के रूप में, नशे में गाड़ी चलाने को एक गलती कहना बंद करें। यह एक ऐसा अपराध है जो जिंदगियां तबाह कर देता है और इसके लिए उचित सजा मिलनी चाहिए।”
पुलिस के अनुसार, वेमुरी कावेरी ट्रैवल्स द्वारा संचालित यह बस लगभग 2.39 बजे सड़क पर पड़ी बाइक से टकरा गई। लक्ष्मीपुरम गांव के 20 साल के पंचला शिव शंकर नामक बाइक सवार और उसका दोस्त एक पेट्रोल पंप से ₹300 का पेट्रोल भरवाने के बाद लौट रहे थे। सीसीटीवी फुटेज में शिव शंकर को शराब के नशे में देखा जा सकता है। पेट्रोल पंप से निकलने के कुछ ही देर बाद, बाइक सवार ने नियंत्रण खो दिया और डिवाइडर से टकरा गया। बस की टक्कर से निकली चिंगारी और बाइक से फैले पेट्रोल ने तुरंत आग पकड़ ली, जिससे यह भयावह हादसा हुआ।