काशी विश्वनाथ और रामलला के दर्शन के लिए विशेष सरकारी पहल; जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर तीर्थयात्रियों को किया विदा

राज्य शासन द्वारा श्रद्धालुओं को अयोध्या धाम में भगवान रामलला तथा भगवान काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन कराने हेतु संचालित ‘रामलला अयोध्या धाम दर्शन योजना’ के अंतर्गत आज जांजगीर-चांपा जिले से श्रद्धालुओं का दल रवाना हुआ। इस योजना के तहत राज्य सरकार श्रद्धालुओं को निःशुल्क यात्रा, दर्शन, आवास, भोजन और सुरक्षा की संपूर्ण व्यवस्था उपलब्ध करा रही है।
रामलला दर्शन अयोध्या धाम योजनांतर्गत आज खोखरा से जिले के कुल 187 श्रद्धालुओं को लेकर बस अयोध्या धाम दर्शन यात्रा के लिए रवाना हुईं। ये बसें श्रद्धालुओं को बिलासपुर रेलवे स्टेशन तक ले जाएंगी, जहाँ से एक विशेष ट्रेन द्वारा उन्हें अयोध्या धाम के लिए प्रस्थान कराया जाएगा।
श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देने और हरी झंडी दिखाने के लिए नगर पालिका अध्यक्ष जांजगीर-नैला रेखा देवा गढ़ेवाल, जिला पंचायत सदस्य उमा राजेन्द्र राठौर, जिला पंचायत सदस्य आशा साव, नगर पालिका जांजगीर-नैला उपाध्यक्ष मोहन यादव और अन्य पार्षदगण सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। सभी जनप्रतिनिधियों ने इस रामलला दर्शन योजना की सराहना की और यात्रियों को तिलक लगाकर एवं फूलमाला पहनाकर शुभकामनाएं दीं।