समर्थन करना है तो अभी कर दीजिए’! VIP के पाला बदलने की चर्चा पर डिप्टी CM सम्राट चौधरी ने कसा तंज

पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान से ठीक पहले, राजनीतिक गलियारों में बयानबाजी तेज हो गई है। इसी क्रम में डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने पटना में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर VIP पार्टी (मुकेश सहनी) के महागठबंधन से पाला बदलकर NDA को समर्थन देने की अटकलों पर तंज कसा।

VIP को तुरंत समर्थन की सलाह: चर्चा है कि VIP पार्टी NDA का रुख कर सकती है, हालांकि VIP के मुखिया मुकेश सहनी महागठबंधन के डिप्टी सीएम उम्मीदवार हैं। इस पर सम्राट चौधरी ने कहा कि नीतीश कुमार एक ‘पावरफुल और अच्छे नेता’ हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “समर्थन देना है तो अभी दे दीजिए। जो लोग इस समय नीतीश कुमार को सलाह दे रहे हैं, वे अभी समर्थन कर दें तो ज्यादा अच्छा रहेगा।”

‘केवल लालू यादव के पास वोट’: सम्राट चौधरी ने वोट बैंक को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि लालू यादव के अलावा कोई फैक्टर नहीं है, यहां तक कि तेजस्वी यादव और राहुल गांधी भी नहीं। उन्होंने कहा, “ना राहुल गांधी, ना ही तेजस्वी यादव, केवल लालू यादव नेता हैं और उन्हीं के पास थोड़ा वोट है। ओवैसी भी कोई फैक्टर नहीं हैं।”

लालू परिवार पर तीखा हमला: डिप्टी सीएम ने लालू यादव के परिवार को ‘अराजकता और गुंडागर्दी का प्रतीक’ बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि लालू परिवार आज भी अपराधियों के संरक्षण में सरकार चलाने की बात कर रहा है, जबकि जनता ने उन्हें पहले १५ साल का मौका दिया था, लेकिन अराजकता के कारण विरोध शुरू हुआ।

नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री होंगे: महागठबंधन द्वारा सीएम फेस पर सवाल खड़े करने पर सम्राट चौधरी ने स्पष्ट किया कि NDA में मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई कन्फ्यूजन नहीं है। उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार ही मुख्यमंत्री हैं और आगे भी रहेंगे। हमारे यहां मुख्यमंत्री पद के लिए कोई वैकेंसी नहीं है।”

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *