WhatsApp की ‘बादशाहत’ को चुनौती! टॉप पर आकर भी लुढ़का स्वदेशी ‘अरट्टाई’, क्यों घट गई पॉपुलैरिटी?
कुछ समय पहले आए स्वदेशी मैसेजिंग ऐप ‘अरट्टाई’ (Arattai) ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं। अपनी लॉन्चिंग के बाद यह ऐप लोगों को खूब पसंद आया और इसी वजह से इसने WhatsApp को पछाड़कर Google Play Store और Apple App Store पर टॉप रैंकिंग भी हासिल कर ली थी। हालांकि, अब ऐसा प्रतीत हो रहा है कि इस ऐप की लोकप्रियता कम होने लगी है। Google Play Store पर टॉप फ्री कम्युनिकेशन कैटेगरी में पहले नंबर पर रैंक करने वाला ये ऐप अब फिसलकर 7वें नंबर पर आ गया है।
न केवल गूगल प्ले स्टोर बल्कि शुरुआत में ऐप्पल ऐप स्टोर पर भी ये ऐप नंबर 1 पर पहुंच गया था लेकिन अब ऐप्पल ऐप स्टोर पर ये ऐप गिरकर छठे नंबर पर आ गया है। वहीं, अगर WhatsApp की बात करें तो गूगल प्ले स्टोर पर अब ये ऐप तीसरे पायदान पर है, वहीं ऐप्पल ऐप स्टोर पर ये ऐप दूसरे नंबर पर आ गया है। इससे यह साफ है कि WhatsApp ने अपनी बादशाहत को कायम रखा है।
अक्टूबर 2025 की शुरुआत में ‘आत्मनिर्भरता’ के आह्वान के बीच ‘अरट्टाई’ के डेली साइन-अप की संख्या में भी तेज उछाल आया था और आंकड़ा 3,000 से बढ़कर 3.50 लाख का भी आंकड़ा पार कर गया था। यहां तक कि डाउनलोड के मामले में इस ऐप ने ChatGPT को भी पछाड़ दिया था।
रैंकिंग में गिरावट की ये है मुख्य वजह
इतने जबरदस्त उछाल के बाद अचानक से ऐप की रैंकिंग क्यों गिर गई? Financial Times की रिपोर्ट के अनुसार, नए यूज़र्स टेक्स्ट मैसेज के लिए एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन (End-to-End Encryption – E2EE) की डिमांड कर रहे हैं, लेकिन ऐप में फिलहाल ये सुविधा नहीं है।
ऐप में वॉयस और वीडियो कॉलिंग के लिए तो एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन है लेकिन फिलहाल टेक्स्ट मैसेजिंग के लिए इसे लागू नहीं किया गया है। चेन्नई स्थित ज़ोहो कॉर्पोरेशन (Zoho Corporation) ने जनवरी 2021 में ‘अरट्टाई’ को लॉन्च किया था, और कंपनी ने वादा किया है कि जल्द ही मैसेज के लिए भी E2EE जोड़ दिया जाएगा, लेकिन इस कमी के कारण ऐप की रैंकिंग में गिरावट देखने को मिल रही है।
(फोटो- गूगल प्ले स्टोर/ऐप्पल ऐप स्टोर)