शिवलिंग मंदिर में जबरदस्ती भरा सिंदूर, पीपल के पेड़ के लिए 7 फेरे; सदमे में छात्रा ने की आत्महत्या
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले से एक चौंकाने वाली और हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहाँ जबरन मांग भरने के बाद एक 12वीं क्लास की छात्रा ने मानसिक तनाव में आकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि मांग भरने के बाद युवक ने बेटी के साथ दुष्कर्म भी किया, जिससे परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
यह घटना बांदा के बिसंडा थाना क्षेत्र के एक गाँव की है। गुरुवार सुबह 18 वर्षीय युवती ने घर में जहर खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे जिला अस्पताल ले गए, जहाँ से उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान युवती ने दम तोड़ दिया।
शिव मंदिर में जबरदस्ती मांग भरने और दुष्कर्म का आरोप
मृतका की माँ का आरोप है कि मंगलवार को पड़ोस में रहने वाला एक युवक उनकी बेटी को गाँव के शिव जी के मंदिर में ले गया, जहाँ उसने जबरदस्ती उसकी माँग भर दी और पीपल के पेड़ के 7 फेरे लिए गए।
माँ ने आरोप लगाया कि इतना ही नहीं, इसके बाद युवक ने बेटी के साथ दुष्कर्म भी किया। घर आकर बेटी ने यह पूरी आपबीती परिवार को बताई।
लोकलाज के डर से उठाया आत्मघाती कदम
माँ ने बताया कि दुष्कर्म के बाद से ही बेटी गुमसुम रहने लगी थी और खाना भी नहीं खा रही थी। उसका कहना था कि अब वह कहीं मुँह दिखाने के लायक नहीं रही है। वह अंदर ही अंदर घुट रही थी। इसी मानसिक प्रताड़ना के चलते उसने गुरुवार सुबह घर में जहर खा लिया। इस घटना से मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल, इस मामले में अभी तक थाने में कोई लिखित तहरीर (शिकायत) नहीं दी गई है।