ऑस्ट्रेलिया दौरे से लौटते ही गरजा यशस्वी जायसवाल का बल्ला, रणजी ट्रॉफी में राजस्थान के खिलाफ जड़े 67 रन
भारत के युवा स्टार ओपनर यशस्वी जायसवाल को ऑस्ट्रेलिया दौरे के लिए भारतीय वनडे टीम में चुना गया था, लेकिन इस सीरीज में उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं नहीं मिला। हालांकि, भारत लौटते ही उनके बल्ले से एक शानदार पारी निकली है। दरअसल, वह रणजी ट्रॉफी 2025-26 में मुंबई की ओर से खेलने के लिए मैदान पर उतरे हैं। जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में उन्होंने राजस्थान के खिलाफ एक दमदार पारी खेली और सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा।
भारत लौटते ही गरजा जायसवाल का बल्ला
यशस्वी जायसवाल की ओर से राजस्थान के खिलाफ इस मुकाबले में एक शानदार पारी देखने को मिली। उन्होंने ओपनिंग करते हुए मुशीर खान के साथ पहले विकेट के लिए 100 रन जोड़े। इस दौरान उन्होंने 97 गेंदों का सामना करते हुए 67 रन बनाए। उनकी इस पारी में 8 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। वह अच्छी लय में नज़र आ रहे थे, लेकिन अनिकेत चौधरी की एक गेंद पर वह विकेट के पीछे कैच आउट हो गए। हालांकि, जायसवाल आउट होने से पहले टीम को एक दमदार शुरुआत दिलाने में कामयाब रहे।
मुंबई के लिए वापसी मैच, छोड़ी अपनी छाप
बता दें, यह यशस्वी जायसवाल का मुंबई के लिए एक तरह से वापसी मैच था, क्योंकि इस साल की शुरुआत में जायसवाल मुंबई की रणजी टीम को छोड़ना चाहते थे और उन्होंने मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन से एनओसी (NOC) भी ले ली थी। लेकिन आखिरी समय पर जायसवाल ने फैसला बदल लिया था और मुंबई के साथ ही बने रहे। इस घटना के बाद मुंबई के लिए यह उनका पहला मुकाबला था और वह इस मैच में अपनी छाप छोड़ने में कामयाब रहे।
साउथ अफ्रीका सीरीज की तैयारी का अहम मौका
टीम इंडिया को इसी महीने अपने घर पर साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। ऐसे में रणजी ट्रॉफी का यह मैच यशस्वी जायसवाल के लिए अभ्यास (Practice) के लिहाज से काफी अहम है। दूसरी ओर, मुंबई की टीम फिलहाल एलीट ग्रुप डी में नौ अंकों के साथ टॉप पर है। अपने पहले मैच में जम्मू-कश्मीर को हराने के बाद मुंबई को अपने पहले घरेलू मैच में छत्तीसगढ़ के खिलाफ तीन अंकों से संतोष करना पड़ा था। ऐसे में उसकी नज़र इस मैच में बड़ी जीत पर रहने वाली है।