रिटायरमेंट तोड़कर लौटे डी’कॉक का तूफान! पाकिस्तान को रौंदकर दिलाई शानदार जीत, सीरीज हुई 1-1 से बराबर

पिछले वर्ल्ड कप के बाद वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने वाले क्विंटन डी’कॉक ने 2027 वर्ल्ड कप को ध्यान में रखते हुए लगभग दो साल बाद मैदान पर वापसी की है। पाकिस्तान के खिलाफ जारी सीरीज़ के दूसरे मुकाबले में उन्होंने साबित कर दिया कि उनका यह फैसला कितना सही था। पहले मैच में अर्धशतक लगाने के बाद, दूसरे वनडे में इस स्टार ओपनर के नाबाद शतक की बदौलत दक्षिण अफ्रीका ने 59 गेंदें शेष रहते 8 विकेट से बड़ी जीत हासिल की। इसके साथ ही तीन मैचों की सीरीज़ में मेहमान प्रोटियाज टीम ने 1-1 की बराबरी कर ली है।

270 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत के हीरो विकेटकीपर-बल्लेबाज क्विंटन डी’कॉक रहे। उन्होंने 119 गेंदों पर 123 रन बनाकर नाबाद रहे और अपने करियर का 22वां वनडे शतक पूरा किया। अपनी टीम को जीत दिलाने के अलावा, डी’कॉक ने इस मैच में एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। वह एशिया की धरती पर एक विजिटिंग बल्लेबाज के रूप में सर्वाधिक शतक लगाने के मामले में महान क्रिस गेल को पीछे छोड़ते हुए दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। एशिया में अब उनके 9 शतक हो गए हैं। उनके पूर्व साथी एबी डीविलियर्स 10 शतकों के साथ इस सूची में पहले स्थान पर हैं।

फैसलाबाद में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान टीम ने ओपनर सईम अयूब (53), सलमान अली आगा (69) और मोहम्मद नवाज (59) के अर्धशतकों की मदद से 9 विकेट खोकर 269 रन बनाए। दक्षिण अफ्रीका की ओर से बाएं हाथ के तेज गेंदबाज नांद्रे बर्गर ने करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 10 ओवर में 46 रन देकर 4 विकेट लिए।

जवाब में, लुआन डी प्रिटोरियस (46) और डी’कॉक की सलामी जोड़ी ने 81 रन जोड़े। प्रिटोरियस के आउट होने के बाद, डी’कॉक ने टोनी डी जॉर्ज (63 गेंदों पर 76) के साथ दूसरे विकेट के लिए 153 रनों की विशाल साझेदारी की। 96 गेंदों पर अपना शतक पूरा करने के बाद, उन्होंने कप्तान मैथ्यू ब्रिट्ज़के (नाबाद 17) के साथ टीम को जीत दिलाई। डी’कॉक की 123 रन की पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल थे।

पहले मैच में पाकिस्तान ने रोमांचक जीत दर्ज की थी, लेकिन डी’कॉक के धमाकेदार प्रदर्शन से प्रोटियाज ने सीरीज में बराबरी कर ली। अब शनिवार को होने वाला सीरीज का अंतिम मैच निर्णायक होगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *