मार्क जुकरबर्ग के लग्जरी घर में चल रहा था ‘गुप्त स्कूल’! जोनिंग नियमों के उल्लंघन पर पड़ोसी भड़के, अरबपति मुश्किल में

कैलिफ़ोर्निया/नई दिल्ली: फेसबुक और मेटा (Meta) के सीईओ मार्क जुकरबर्ग (Mark Zuckerberg) और उनकी पत्नी प्रिसिला चान (Priscilla Chan) एक नए विवाद में घिर गए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, पालो ऑल्टो स्थित उनके आलीशान घरों में बिना अनुमति के एक निजी स्कूल चलाया जा रहा था। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि यह स्कूल शहर के जोनिंग (Zoning) नियमों का उल्लंघन कर रहा था और अरबपति जुकरबर्ग को प्रशासन ने “विशेष रियायत” दी।

‘मिनी कैंपस’ में चला बिना अनुमति का स्कूल वायर्ड (Wired) की रिपोर्ट के मुताबिक, मार्क जुकरबर्ग और प्रिसिला चान के पास कैलिफ़ोर्निया के क्रिसेंट पार्क इलाके में 11 प्रॉपर्टी हैं, जिनमें से पाँच आपस में जुड़ी हुई हैं। इन्हीं घरों में 2021 के आसपास ‘बिकेन बेन स्कूल’ (Bikken Ben School) नाम से एक निजी स्कूल संचालित हो रहा था। बताया गया कि इस स्कूल का नाम जुकरबर्ग परिवार की एक मुर्गी के नाम पर रखा गया था। कुछ रिपोर्ट्स के अनुसार, इस स्कूल में लगभग 30 छात्र तक पढ़ते थे। यह स्कूल पूरी तरह से रेसिडेंशियल ज़ोन (आवासीय क्षेत्र) में चल रहा था, जहाँ ऐसे संस्थानों को संचालित करने की अनुमति नहीं होती।

पड़ोसियों ने जताई कड़ी नाराजगी वायर्ड की रिपोर्ट के अनुसार, जुकरबर्ग और चान द्वारा स्कूल संचालन को लेकर स्थानीय निवासियों ने शहर प्रशासन को कई शिकायतें भेजीं, जिनमें आरोप लगाया गया कि जुकरबर्ग को “विशेष छूट” दी जा रही है। एक नाराज़ पड़ोसी ने ईमेल में लिखा, “आपने हमारा भरोसा नहीं जीता है। इस प्रॉपर्टी ओनर की अच्छी नीयत पर निर्भर कोई भी समाधान पहले से ही असफल है।”

स्कूल के अलावा, निवासियों ने लगातार हो रहे निर्माण कार्य, सुरक्षा कर्मियों की भारी मौजूदगी और बढ़ते ट्रैफिक को लेकर भी असंतोष जताया। कई पड़ोसियों ने इसे दुनिया के सबसे प्रसिद्ध टेक अरबपति के पड़ोस में “असहनीय जीवन” बताया।

प्रशासन और जुकरबर्ग की प्रतिक्रिया रिपोर्ट के मुताबिक, पालो ऑल्टो प्रशासन ने किसी भी पक्षपात के आरोप से इनकार किया है। शहर के एक प्रवक्ता ने कहा कि जोनिंग और सुरक्षा से जुड़े सभी नियम समान रूप से लागू किए जाते हैं, प्रॉपर्टी किसी की भी हो। प्रशासन के मुताबिक, मार्च 2025 में जुकरबर्ग परिवार को बिना परमिट वाला स्कूल 30 जून तक बंद करने का निर्देश दिया गया था। हालांकि, जुकरबर्ग के प्रवक्ता ने वायर्ड को बताया कि स्कूल बंद नहीं हुआ, बल्कि इसे किसी और जगह पर “शिफ्ट” कर दिया गया है। फ़िलहाल, यह स्पष्ट नहीं है कि स्कूल अब कहाँ संचालित हो रहा है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *