सर्दियों में इम्यूनिटी होगी सुपर स्ट्रॉन्ग! लाइफस्टाइल में शामिल करें ये 5 तरह के ‘गर्माहट’ भरे लड्डू, जानें फायदे और रेसिपी

सर्दियों का मौसम आते ही हमारी लाइफस्टाइल और खान-पान में कई बदलाव आते हैं। ठंडी हवाएं और गिरता तापमान शरीर की एनर्जी को कम करता है। ऐसे में इस मौसम में ऐसी चीजें खाने की सलाह दी जाती है, जो शरीर में गर्माहट पैदा करे और इम्यूनिटी (रोग प्रतिरोधक क्षमता) को मजबूत बनाएं। शरीर को गर्म रखने के लिए तिल, मेथी से लेकर गोंद तक, कई पारंपरिक खाद्य पदार्थ इस्तेमाल होते हैं। इन चीजों के लड्डू बनाकर सर्दियों में खूब खाए जाते हैं, जो बॉडी को वॉर्म रखने के साथ ही कई तरह के फायदे पहुंचाते हैं।

लड्डू न केवल स्वादिष्ट होते हैं, बल्कि इनमें इस्तेमाल होने वाली चीजें जैसे घी, गुड़, सूखे मेवे, तिल, गोंद, मेथी, और आटा शरीर को सर्दी से बचाते हैं, जोड़ों के दर्द में राहत देते हैं और ताकत बढ़ाते हैं। पुराने समय में दादी-नानी सर्दियों के शुरू होते ही घर में लड्डू बनाकर पूरे मौसम तक खिलाया करती थीं। आज इस आर्टिकल में हम आपको बताते हैं 5 तरह के लड्डू बनाने की आसान रेसिपी और उनके जबरदस्त फायदे।

१. तिल-गुड़ के लड्डू (Til Gud Laddu) तिल की तासीर गर्म होती है, इसलिए ये सर्दियों में खाने के लिए सबसे उपयुक्त है। तिल में कैल्शियम, आयरन और हेल्दी फैट्स पाए जाते हैं जो हड्डियों को मजबूत करते हैं।

  • फायदे: शरीर को गर्म रखता है, हड्डियों को मजबूत करता है और पाचन में मदद करता है।
  • आसान रेसिपी: तिल को हल्का भून लें और फिर गुड़ को पिघलाकर इसमें मिलाकर छोटे-छोटे लड्डू बना लें।

२. गोंद के लड्डू (Gond ke Laddu) गोंद के लड्डू खासतौर पर उन महिलाओं के लिए बहुत फायदेमंद माने जाते हैं जिनकी हाल ही में डिलीवरी हुई है। यह इम्यूनिटी को मजबूत करने और एनर्जी बूस्टर का काम करते हैं।

  • फायदे: इम्यूनिटी मजबूत करता है, हड्डियों को स्ट्रॉन्ग बनाता है और एनर्जी बूस्टर है।
  • आसान रेसिपी: घी में गोंद को भूनकर पीस लें। इसी घी में आटा भूनें। गुड़ को पिघलाकर आटा, गोंद, ड्राई फ्रूट्स, और इलायची पाउडर डालकर अच्छे से मिक्स करके लड्डू बनाएं।

३. मूंग दाल के लड्डू (Moong Dal Laddu) मूंग दाल के लड्डू सर्दियों में एनर्जी बूस्टर का काम करते हैं और प्रोटीन से भरपूर होते हैं।

  • फायदे: प्रोटीन से भरपूर, एनर्जी लेवल बढ़ाते हैं और पेट को लंबे समय तक भरा रखते हैं।
  • आसान रेसिपी: मूंग दाल धोकर सुखा लें और घी में भूनकर पीस लें। कढ़ाई में घी गर्म करें और दाल पाउडर को भूनें। गुड़, ड्राई फ्रूट्स और इलायची पाउडर मिलाकर हल्का ठंडा होने पर लड्डू बनाएं।

४. सूजी-नारियल के लड्डू (Sooji Nariyal Laddu) सूजी और नारियल के लड्डू मीठे के शौकीन लोगों के लिए परफेक्ट हैं। नारियल में हेल्दी फैट्स होते हैं जो त्वचा और बालों के लिए फायदेमंद हैं।

  • फायदे: त्वचा और बालों के लिए फायदेमंद, तुरंत एनर्जी प्रदान करता है।
  • आसान रेसिपी: घी में सूजी और नारियल का बुरादा भूनें। अब दूध और चीनी डालकर गाढ़ा होने तक चलाएं। इलायची पाउडर और ड्राई फ्रूट्स डालकर हल्का गर्म रहते ही लड्डू बनाएं।

५. मेथी के लड्डू (Methi Laddu) मेथी के लड्डू आयुर्वेद में बहुत खास माने जाते हैं। ये सर्दियों में जोड़ों के दर्द और थकान से राहत देते हैं।

  • फायदे: जोड़ों के दर्द और थकान से राहत दिलाते हैं, शरीर को गर्म रखते हैं।
  • आसान रेसिपी: मेथी दाने को रात भर भिगोएं, हल्का भूनकर पीस लें। घी में आटा भूनें। पिसी हुई मेथी और ड्राई फ्रूट्स डालकर मिक्स करें। गुड़ का घोल मिलाकर पकाएं और ठंडा होने पर लड्डू का आकार दें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *