शाई होप ने रचा इतिहास! 12 टेस्ट खेलने वाले देशों के खिलाफ शतक लगाने वाले बने दुनिया के पहले बल्लेबाज
न्यूजीलैंड और वेस्टइंडीज के बीच खेली जा रही 3 मैचों की वनडे सीरीज के दूसरे मुकाबले में वेस्टइंडीज को 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा और मेजबान टीम ने सीरीज पर भी कब्जा कर लिया। लेकिन इस मैच में वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप ने एक ऐसा महा-रिकॉर्ड अपने नाम किया, जो क्रिकेट के भगवान सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली और राहुल द्रविड़ जैसे दिग्गज भी नहीं कर पाए हैं।
दरअसल, 19 नवंबर को खेले गए इस मुकाबले में शाई होप ने न्यूजीलैंड के खिलाफ 69 गेंदों में 109 रनों की तूफानी शतकीय पारी खेलकर इतिहास रच दिया। वह दुनिया के पहले ऐसे बल्लेबाज बन गए हैं, जिन्होंने टेस्ट खेलने वाले सभी 12 देशों के खिलाफ शतक लगाया है। इस मैच से पहले उन्होंने 11 देशों के खिलाफ सेंचुरी बना ली थी, लेकिन न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक बनाना बाकी था। अपनी इस शानदार पारी से उन्होंने यह उपलब्धि भी हासिल कर ली। क्रिकेट इतिहास में आज तक कोई भी खिलाड़ी यह कारनामा नहीं कर पाया था।
मैच का हाल: बारिश से प्रभावित यह मुकाबला 34 ओवर का खेला गया था। वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए कप्तान शाई होप के 109 रनों की बदौलत 9 विकेट पर 247 रन बनाए थे। जवाब में न्यूजीलैंड ने डेवोन कॉनवे (90) और रचिन रवींद्र (56) की शानदार पारियों और अंत में मिचेल सेंटनर के 15 गेंदों में 34 रनों के दम पर 33.3 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया।