बारातियों के सामने आया बड़ा खुलासा, जयमाला के दौरान पति की दूसरी शादी रोकने पहुंची पहली पत्नी

उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले में एक शादी समारोह में जमकर ड्रामा देखने को मिला, जब दूल्हे की पहली पत्नी ने अचानक मौके पर पहुंचकर दूसरा विवाह रुकवा दिया। महिला ने पति की दूसरी शादी को अवैध बताते हुए हंगामा खड़ा कर दिया।

दरअसल, रेशमा शर्मा नाम की एक महिला अपने पति विनय अंगद शर्मा उर्फ लवकुश की दूसरी शादी के मौके पर पहुंची और खुद को उनकी वैध विवाहित पत्नी बताया। रेशमा ने अपने दावे के समर्थन में शादी की तस्वीरें, वीडियो और एक विवाह प्रमाण पत्र भी दिखाया, जिसमें यह स्पष्ट था कि विनय ने तीन साल पहले उससे शादी की थी और उनका तलाक अभी फाइनल नहीं हुआ है।

जयमाला की रस्म के दौरान रेशमा ने विनय का सामना किया और वह फूट-फूटकर रोने लगीं। दूल्हे के इस ‘सच’ को जानकर दुल्हन और उसके परिजन हैरान रह गए। सदमे में आई दुल्हन ने तुरंत शादी करने से इनकार कर दिया और मंडप छोड़कर चली गई, जिसके बाद बारात को वापस लौटना पड़ा।

मामले की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत हरकत में आई और विनय और रेशमा दोनों को पकड़कर पकोलिया थाने ले गई। रेशमा ने पुलिस को बताया कि उनका रिश्ता नौ साल पुराना है और चूंकि मामला कोर्ट में चल रहा है, इसलिए दूसरी शादी अवैध है। पुलिस ने पुष्टि की है कि कानूनी तलाक के बिना दूसरी शादी अवैध है और आगे की जांच जारी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *