चंडीगढ़ में कूड़ा फेंकने वालों को ‘शर्मिंदा’ करने की अनोखी पहल पर बवाल! कांग्रेस ने किया ढोल-नगाड़ा मुहिम का विरोध

चंडीगढ़ म्युनिसिपल कॉरपोरेशन (CMC) द्वारा सड़क पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ शुरू की गई ‘ढोल-नगाड़े’ वाली मुहिम पर कांग्रेस ने सख्त आपत्ति जताई है। इस पहल के तहत, यदि कोई व्यक्ति सड़क किनारे कचरा फेंकते हुए पकड़ा जाता है, तो निगम कर्मी ढोल बजाते हुए उसके घर पहुंचते हैं, कचरा वापस लौटाते हैं और चालान भी काटते हैं।

सोमवार को मनीमाजरा में ऐसी ही एक कार्रवाई के तहत करीब 13,000 रुपये का चालान किया गया और इस पूरी घटना की वीडियोग्राफी भी की गई। इस कार्यवाही के तरीके पर कांग्रेस ने सख्त नाराजगी जताई है।

कांग्रेस की आपत्ति:

कांग्रेस का कहना है कि किसी भी व्यक्ति की सार्वजनिक रूप से वीडियो बनाकर ढोल-नगाड़े बजाना गलत है। पार्टी के अनुसार, यह कदम संबंधित व्यक्ति की सामाजिक प्रतिष्ठा और क्षेत्र में उसकी पहचान को प्रभावित करता है। कांग्रेस ने स्पष्ट किया है कि वह चालान का विरोध नहीं करती, लेकिन वीडियो केवल संबंधित व्यक्ति को दिखाया जाना चाहिए, न कि सार्वजनिक रूप से प्रसारित किया जाना चाहिए।

चंडीगढ़ के वरिष्ठ उप महापौर जसवीर सिंह बंटी ने इस मुहिम को गलत बताते हुए इसका विरोध किया है। वहीं, चंडीगढ़ कांग्रेस के अध्यक्ष एच एस लकी ने भी इस मुहिम की निंदा करते हुए कहा है कि यह लोगों की भावनाओं को आहत करती है। उन्होंने कहा कि कूड़ा फेंकने वाले व्यक्ति को पहले चेतावनी देनी चाहिए, ढोल-नगाड़े बजाकर उसके घर के बाहर जाकर उसे सार्वजनिक तौर पर शर्मिंदा नहीं करना चाहिए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *