‘अगले विधानसभा चुनाव में सुक्खू की आल्टो कार में समा जाएगा कांग्रेस विधायक दल’, जयराम ठाकुर का तीखा कटाक्ष

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने हिमाचल प्रदेश में सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी पर तीखा कटाक्ष करते हुए बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा है कि अगले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस विधायक दल मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की आल्टो कार में समा जाएगा। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव में मिले जनादेश और प्रदेश सरकार की कारगुजारियों के बाद इस बात के स्पष्ट संकेत मिल गए हैं। जयराम ठाकुर शिमला में पत्रकार वार्ता को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक दल धर्मशाला के तपोवन में होने वाले शीतकालीन सत्र के दौरान हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। यदि भाजपा विधायकों को सदन के अंदर नहीं बोलने दिया गया तो वे बाहर अपना पक्ष रखेंगे।

डिजास्टर एक्ट की आड़ में टल सकते हैं पंचायत चुनाव:

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि सरकार डिजास्टर एक्ट की आड़ में पंचायत चुनाव टालने की तैयारी कर रही है, जबकि जश्न मनाने के लिए पूरी छूट है। उन्होंने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि ट्रेजरी से $10,000 रुपये से अधिक की राशि का भुगतान नहीं हो रहा है। इसी तरह वेतन, पैंशन और मैडीकल बिल का भुगतान भी समय पर नहीं हो रहा है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और आउटसोर्स पर लगे $15,000 से अधिक कर्मचारियों को निकाला जा चुका है। उन्होंने कहा कि सड़कों पर हर जगह गड्ढे हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की आज ऐसी एक भी योजना नहीं है, जिसका जिक्र जनता के बीच किया जा सके।

4 दिसम्बर को धर्मशाला में भाजपा करेगी प्रदर्शन, परमार होंगे प्रभारी:

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि 4 दिसम्बर को धर्मशाला में भाजपा विशाल प्रदर्शन करेगी, जिसके लिए पूर्व विधानसभा अध्यक्ष व विधायक विपिन परमार को प्रभारी बनाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान कांग्रेस सरकार इस समय ‘मूर्छित अवस्था’ में है। डॉ. बिंदल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के 3 वर्ष युवा बेरोजगारों की बर्बादी, आर्थिक दिवालिएपन, बिगड़ती कानून व्यवस्था, हत्या, लूट, डकैती, फिरौती, माफियाराज और समाज के हर वर्ग के शोषण के लिए जाने जाएंगे। उन्होंने इस ‘भाई-भतीजावाद’ वाली सरकार में सिर्फ ‘मित्रों’ की पूछ होने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस की सभी चुनावी गारंटियां झूठी साबित हुई हैं, जिसका खमियाजा आगामी चुनाव में भुगतना पड़ेगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *