नेशनल हाईवे पर ट्रैक्टर-ट्राली पलटने से अधेड़ की दर्दनाक मौत, बेटा गंभीर घायल, परिजनों में मचा कोहराम

कैराना से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां नेशनल हाइवे पर ग्राम मवी के निकट पुआल (भूसे) से भरी एक ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में ट्राली पर बैठे 52 वर्षीय अधेड़ व्यक्ति की पुआल के नीचे दबकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ट्रैक्टर चला रहा उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार तड़के करीब 2:15 बजे क्षेत्र के गांव भूरा निवासी यासीन (52) अपने बेटे आसिफ के साथ हरियाणा से ट्रैक्टर-ट्राली में पुआल भरकर कैराना आ रहे थे। यासीन ट्राली के ऊपर बैठे थे और आसिफ ट्रैक्टर चला रहा था। ग्राम मवी से गुजर रहे नेशनल हाइवे पर बने फ्लाईओवर के निकट अचानक ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर पलट गई।

हादसे की सूचना मिलने पर यमुना ब्रिज पुलिस चौकी के पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे और घायल पिता-पुत्र को तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल यासीन को मृत घोषित कर दिया। ट्रैक्टर चला रहे आसिफ के हाथ में भी गंभीर फ्रैक्चर बताया जा रहा है।

मृतक यासीन छह बच्चों (तीन बेटे और तीन बेटियां) के पिता थे। इस दर्दनाक हादसे से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने गमगीन माहौल में किसी भी कानूनी कार्यवाही के बिना ही मृतक के शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। यमुना ब्रिज पुलिस चौकी प्रभारी एसआई अशोक कुमार ने बताया कि मृतक के परिजन बिना किसी कानूनी कार्यवाही के शव को अपने साथ ले गए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *