पलामू में 3.5 लाख रुपये के जेवर लूटे, 3 साल की बेटी की कनपटी पर बंदूक तानकर मां को डराया

झारखंड के पलामू जिले में तीन बदमाशों ने एक महिला से करीब 3.5 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवर दिनदहाड़े लूट लिए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने महिला की तीन वर्षीय बेटी पर कथित तौर पर बंदूक तानकर उसे डराया और फिर जेवर छीनकर मौके से फरार हो गए।

यह घटना मंगलवार को मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के छेचानी टोला में हुई।

मेदिनीनगर टाउन पुलिस थाने के प्रभारी ज्योति लाल रजवार ने कहा, “पीड़ित पूनम तिवारी के किराए के घर में लूटपाट की गई, जहां वह अपनी तीन साल की बेटी के साथ रहती है। तीन बदमाश मोटरसाइकिल पर आए, अचानक घर में घुस गए, बंदूक की नोक पर बच्ची को पकड़ लिया और महिला को अपने गहने उन्हें (आरोपियों) देने के लिए मजबूर किया।”

उन्होंने बताया कि बदमाशों को पता था कि महिला घर में अकेली रहती है और उसका पति रांची में अग्निशमन विभाग में कार्यरत है।

रजवार ने कहा कि लुटेरों को पकड़ने के लिए कई स्थानों पर छापेमारी की जा रही है। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया है और उनसे पूछताछ कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *