लॉरेंस बिश्नोई का भाई अनमोल NIA के हत्थे चढ़ा! मूसेवाला, बाबा सिद्दीकी हत्याकांड समेत 18 मामलों में है आरोपी

नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) को बुधवार को एक बड़ी सफलता मिली। अमेरिका से प्रत्यर्पण के बाद कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई को गिरफ्तार कर लिया गया है। अमेरिका के ट्रंप प्रशासन ने अनमोल समेत तीन लोगों को भारत को प्रत्यर्पित किया है।

बुधवार को नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उतरते ही NIA ने अनमोल को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया, जहाँ जांच एजेंसी ने उसे 15 दिनों के लिए हिरासत में रखने की मांग की है।

अनमोल पर लगे प्रमुख आरोप: अनमोल बिश्नोई महाराष्ट्र के मंत्री और एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या की साजिश में शामिल होने के साथ-साथ कई अन्य गंभीर मामलों में आरोपी है।

  • सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड: मई 2022 में पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के मामले में NIA ने अनमोल के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। चार्जशीट में कहा गया था कि मूसेवाला की हत्या में उसने एक अन्य गैंगस्टर गोल्डी बराड़ की सक्रिय रूप से मदद की थी।
  • आतंकवादी सिंडिकेट: अनमोल को लॉरेंस बिश्नोई के नेतृत्व वाले आतंकी सिंडिकेट में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। जांच एजेंसी के अनुसार, 2020-2023 के दौरान लॉरेंस पूरे देश में कई आतंकवादी गतिविधियों में शामिल था और अनमोल अमेरिका में बैठकर गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर इस सिंडिकेट को चला रहा था।
  • सलमान खान के घर फायरिंग: अप्रैल 2024 में सलमान खान के घर के बाहर हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी उसने पहले ही स्वीकार कर ली थी।

प्रशासन ने अनमोल पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा था, और देश के विभिन्न पुलिस थानों में उसके खिलाफ 18 मामले दर्ज हैं। मूसेवाला की हत्या के तुरंत बाद मई 2022 में वह फर्जी पासपोर्ट का इस्तेमाल कर देश छोड़कर भाग गया था। प्रत्यर्पण के बाद देश लौटते ही उसे NIA ने गिरफ्तार कर लिया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *