अबकी बार टूटेगा ठंड का रिकॉर्ड? ‘ला नीना’ का कहर, जानें कब से पड़ेगी हाड़ कंपाने वाली सर्दी!
नवंबर का महीना खत्म होने को है, लेकिन मौसम का मिजाज अब भी समझ से परे है। जहां इस समय तक ठंड अपनी दस्तक दे चुकी होती है, वहीं कई जगहों पर अब भी पंखे चल रहे हैं। कभी पसीना तो कभी हल्की ठंडक—मौसम का यह खेल लोगों को हैरान कर रहा है। लेकिन मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो यह खामोशी एक बड़े तूफान से पहले की है। इस साल देश को भीषण सर्दी का सामना करना पड़ सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार, इस बार ‘ला नीना’ (La Nina) के प्रभाव के कारण पूरे भारत में कड़ाके की ठंड पड़ने वाली है। ला नीना का असर अल नीनो से ठीक उल्टा होता है, जिसके चलते पूर्वी प्रशांत महासागर का तापमान तेजी से गिरता है। इसका सीधा असर भारत पर पड़ेगा। कई राज्यों में भारी बर्फबारी और बर्फीले तूफान (Snowstorms) आने की आशंका है।
माना जा रहा है कि भले ही ठंड देरी से शुरू हो रही है, लेकिन यह लंबे समय तक टिकेगी। आमतौर पर जनवरी के अंत तक सर्दी कम होने लगती है, लेकिन ला नीना के प्रभाव से इस बार ठंड का मौसम लंबा खींच सकता है। हालांकि, मौसम वैज्ञानिकों ने अभी इसकी अवधि को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन इतना तय है कि इस बार सर्दी पिछले कई सालों का रिकॉर्ड तोड़ सकती है।