ममता के आदेश को नहीं माना! 3 नगर पालिका अध्यक्षों का विद्रोह, TMC में खुलकर सामने आई फूट, अविश्वास प्रस्ताव की तैयारी
पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के भीतर तीन प्रमुख नगर पालिकाओं के अध्यक्षों को बदलने के फैसले पर बड़ा आंतरिक कलह शुरू हो गया है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, बनगांव, दालखोला और कूचबिहार नगर पालिकाओं के अध्यक्षों को जिला अध्यक्ष के माध्यम से इस्तीफा देने का संदेश भेजा गया था। हालांकि, कई अन्य अध्यक्षों ने पार्टी का निर्देश मान लिया, लेकिन इन तीनों ने इस्तीफा देने से साफ इनकार कर दिया है। इनकी मांग है कि इन्हें सीधे शीर्ष नेतृत्व यानी मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से निर्देश दिया जाए।
कूचबिहार के वरिष्ठ नेता और नगर पालिका अध्यक्ष रवींद्रनाथ घोष का कहना है कि उन्हें जिला अध्यक्ष के माध्यम से पद छोड़ने के लिए कहना उनका अपमान है। सूत्रों के अनुसार, उनके समर्थकों ने तो इस संबंध में सीधे ममता बनर्जी को पत्र भी लिख दिया है। वहीं, बनगांव में भी चेयरमैन गोपाल सेठ के खिलाफ काफी खींचतान चली। पार्टी के निर्देश के बावजूद इस्तीफा न देने पर, अंततः 9 TMC पार्षदों ने उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव (No-Confidence Motion) SDओ कार्यालय में जमा कर दिया है।
पार्टी का रुख स्पष्ट है: शीर्ष स्तर के विचार-विमर्श के बाद ही ये फैसले लिए गए हैं, और सभी को इन्हें मानना होगा। बताया जा रहा है कि जो नेता पार्टी के फैसले का पालन नहीं करेंगे, उनके खिलाफ टीएमसी अब औपचारिक रूप से अविश्वास प्रस्ताव लाने की योजना बना रही है ताकि उन्हें पद से हटाया जा सके।