खुशखबरी! इंदौर-नागपुर वंदे भारत एक्सप्रेस अब चलेगी 16 कोच के साथ, दोगुनी हुई सीट क्षमता; कब से होगा शुरू?
पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए एक बड़ा फैसला लिया है। इंदौर-नागपुर-इंदौर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन अब 24 नवंबर से स्थायी रूप से 16 कोच के साथ चलाई जाएगी। आठ अतिरिक्त कोच जुड़ने से ट्रेन में बैठने की क्षमता लगभग दोगुनी हो जाएगी।
पहले इस वंदे भारत एक्सप्रेस में 526 सीट की क्षमता थी, जो अब बढ़कर 1124 सीट हो गई है। सीट क्षमता में इस भारी बढ़ोतरी से त्योहारी सीजन और विशेष अवसरों पर भी यात्रियों को आसानी से कंफर्म टिकट मिल सकेगा। पश्चिम रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक, इससे यात्रियों की सुविधा में काफी इजाफा होगा और 1000 से अधिक यात्रियों को आवागमन में परेशानी नहीं आएगी।
बता दें कि अपग्रेडेड रैक इसी सप्ताह इंदौर पहुंचे थे, जिनका रखरखाव कार्य पूरा किया जा चुका है।
समय-सारणी रहेगी पूर्ववत:
कोच की संख्या बढ़ने के बावजूद ट्रेन की समय-सारणी पहले की तरह ही रहेगी।
- इंदौर से: यह ट्रेन सुबह 06.10 बजे इंदौर से चलेगी, जो उज्जैन 06.50, भोपाल 09.10, नर्मदापुरम 10.22, इटारसी 10.45, बैतूल 11.58 होते हुए दोपहर 02.35 बजे नागपुर पहुंचेगी।
- नागपुर से: यह दोपहर 03.20 बजे नागपुर से रवाना होगी, बैतूल 05.23, इटारसी 07.00, नर्मदापुरम 07.22, भोपाल 08.38, उज्जैन 10.40 और रात 11.50 बजे इंदौर पहुंचेगी।